पानीपत: सड़क दुर्घटना में ओवरब्रिज से नीचे गिरकर कारोबारी की मौत

WhatsApp Channel Join Now
पानीपत: सड़क दुर्घटना में ओवरब्रिज से नीचे गिरकर कारोबारी की मौत


पानीपत, 05 अगस्त (हि.स.)। पानीपत स्थित जाटल रोड रेलवे ओवरब्रिज पर तेज रफ्तार से आ रही एक बोलेरो गाड़ी ने एक्टिवा व बाइक सवारों को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक्टिवा सवार कारोबारी उछलकर रेलवे ओवरब्रिज से उछलकर नीचे जा गिरा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कारोबारी के शव को पोस्टमार्टम कराने के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान पानीपत के विराट नगर निवासी कारोबारी संजीव ग्रोवर के रूप में हुई है। संजीव ग्रोवर मंगलवार रात को अपनी स्कूटी पर सवार होकर जाटल रोड पुल के रास्ते अपने घर की तरफ लौट रहे थे। जैसे ही वे जाटल रोड स्थित रेलवे ओवरब्रिज पर पहुंचे, तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बोलेरो गाड़ी के ड्राइवर ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।

बोलेरो की टक्कर इतनी भीषण थी कि संजीव ग्रोवर अपनी स्कूटी समेत असंतुलित होकर रेलवे ओवरब्रिज की रेलिंग के ऊपर से सीधे नीचे जा गिरे। ऊंचाई से नीचे गिरने के कारण उनके सिर में गंभीर चोटें आईं और अत्यधिक रक्तस्राव की वजह से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की चपेट में आने से बाइक सवार एक अन्य युवक भी घायल हुआ है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भिजवा दिया गया था। पुलिस ने बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया, और अज्ञात गाड़ी चालक के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने व गैर इरादतन जान से मारने का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

Share this story