जींद : गोवंशियों पर फैंका तेजाब, एक दर्जन झुलसे

WhatsApp Channel Join Now
जींद : गोवंशियों पर फैंका तेजाब, एक दर्जन झुलसे


जींद, 23 अप्रैल (हि.स.)। जींद में शरारती तत्वों द्वारा गोवंशियों पर तेजाब फैंकने का मामला सामने आया है। गुरुवार को इस घटना के विरोध में गौसेवकों ने प्रदर्शन किया। सिविल लाइन थाना पुलिस ने हाउसिंग बोर्ड में गोवंशों पर तेजाब फैंकने पर गोरक्षक की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ पशु क्रुरता समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया है। झुलसे गोवंश को नंदीशाला में छोड़ा गया है।

जींद की नंदीशाला में पहुंचे गऊ सेवा दल के राष्ट्रीय संयोजक अतुल चौहान ने बताया कि जींद की शिव कालोनी व बंद मार्केट के पास कोई अज्ञात व्यक्ति लगातार गौवंश पर तेजाब डाल रहा है। यह बहुत ही घिनौना कृत्य है, जिसके कारण गौभक्तों में लगातार रोष बना हुआ है। अतुल चौहान ने बताया कि अगर जल्द से जल्द आरोपित को नहीं पकड़ा गया तो जल्द ही बड़ा प्रदर्शन ओर आंदोलन होगा। अपराही गोरक्षक मोहल्ला निवासी मनोज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्हें गत 12 अप्रैल रात सूचना मिली थी कि हाउसिंग बोर्ड में कई नंदीयों तथा गायों पर तेजाब फैंका गया है। जिससे गोवंश झुलस गए हैं। जब वे गोरक्षकों के साथ हाउसिंग बोर्ड पहुंचे तो उन्हें दर्जनभर नंदी तथा गाय झुलसे मिले। जिनका उन्होंने इलाज किया जा रहा है।

गुरूवार को जानकारी देते हुए सिविल लाइन थाना की जांच अधिकारी सुमन ने बताया कि गोरक्षक ने गोवंश पर तेजाब फैंके जाने की शिकायत दी थी। फिलहाल मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story