हिसार : भारत-अमेरिका कृषि व्यापार समझौते के विरोध में किसान सभा ने सौंपा ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now
हिसार : भारत-अमेरिका कृषि व्यापार समझौते के विरोध में किसान सभा ने सौंपा ज्ञापन


प्रधानमंत्री व गृहमंत्री का पुतला फूंककर की नारेबाजी

हिसार, 24 जुलाई (हि.स.)। अखिल भारतीय किसान सभा ने संयुक्त किसान मोर्चा के

राष्ट्रीय आह्वान पर भारत-अमेरिका कृषि व्यापार समझौते के विरोध में राष्ट्रपति के

नाम तहसीलदार के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। इस दौरान किसानों ने केंद्र सरकार के खिलाफ

जमकर नारेबाजी की तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का

पुतला फूंककर विरोध जताया।

तहसील अध्यक्ष कपूर सिंह बगला के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि

यदि भारत-अमेरिका कृषि व्यापार समझौता लागू किया गया तो इसका सीधा असर देश के किसानों,

खेती-किसानी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा। किसानों ने आशंका जताई कि इससे कृषि

क्षेत्र में संकट गहराएगा और रोजगार के अवसर भी प्रभावित होंगे। उन्होंने केंद्र सरकार

से किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए ऐसे किसी भी समझौते से बचने की मांग की।

किसान सभा के नेता सतबीर सिंह घायल ने शुक्रवार काे बताया कि प्रस्तावित ट्रेड डील के विरोध

में 29 जुलाई को नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में संयुक्त किसान मोर्चा और ट्रेड

यूनियनों की राष्ट्रीय कन्वेंशन आयोजित की जाएगी, जिसमें आदमपुर तहसील कमेटी भी भाग

लेगी। उन्होंने कहा कि किसान संगठन इस मुद्दे पर देशभर में व्यापक जनजागरण अभियान चलाएंगे।

इस दौरान किसानों ने दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन पर हुई पुलिस कार्रवाई

की भी आलोचना की और लाठीचार्ज तथा आंसू गैस के इस्तेमाल की निंदा की। प्रदर्शनकारियों

ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का पुतला फूंकते हुए

उनके इस्तीफे की मांग की। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि छात्रों की आवाज को दबाने का प्रयास

लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है और सरकार को दमन के बजाय संवाद का रास्ता अपनाना

चाहिए।

कार्यक्रम में जिला कोषाध्यक्ष दिनेश सिवाच, तहसील कोषाध्यक्ष रघुबीर सिंह

मंडेरना, उपप्रधान मांगेराम गोदारा, सहसचिव जगदीश पूनिया, धर्म सिंह बैनीवाल, राजेंद्र

साहरण, सतपाल गोदारा, सुरेश काकड़, कृष्ण काजला, रामस्वरूप ज्याणी, राजीव बैनीवाल,

राम सिंह पूनिया, रिछपाल जाखड़, राजेंद्र चुली खुर्द सहित अनेक किसान मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story