पानीपत: बुलेट से फायर स्टंट करने वाले दो आरोपी बाइक सहित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
पानीपत: बुलेट से फायर स्टंट करने वाले दो आरोपी बाइक सहित गिरफ्तार


पानीपत, 29 अप्रैल (हि.स.)। पानीपत पुलिस ने बुलेट बाइक से फायर स्टंट के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सोशल मीडिया पर एक दिन पहले देवी मंदिर के पास स्टंट करने का वीडियो वायरल हुआ था।

एएसपी हर्षित गोयल ने बुधवार प्रेसवार्ता के दौरान मामले की जानकारी देते हुए बताया कि थाना शहर में सिक्योरिटी एजेंट (एसए) तैनात ईएएसआई कर्मबीर ने शिकायत देकर बताया था कि उसने फोन में सोशल मीडिया पर देखा की देवी मंदिर के नजदीक आस्कर हस्पताल के पास विक्की मोर्टस के नाम से बाइक की दुकान है। दुकान के सामने एक युवक बुलेट बाइक पर बैठकर रेस देकर साइलेंसर से पटाखे फोड़ रहा है, उसका साथी लकड़ी के डंडे पर कपड़ा बांधकर उसमें आग लगाकर उसे बुलेट के साइलेंसर के सामने कर रहा है। बुलेट बाइक के साइलेंसर से पटाखे जैसी आवाज निकलते ही आग भड़क रही है।

दोनों युवक आग से लापरवाही करके मानव जीवन को खतरे में डाल रहे है। पता चला बुलेट बाइक के साइलेंसर से पटाखे फोड़ने वाले युवक का नाम तेज कॉलोनी निवासी वंश है और डंडे पर बंधे कपड़े में आग लगाकर साइलेंसर के आगे करने वाले युवक का नाम माई जी कॉलोनी निवासी समीर है। थाना शहर में एसए कर्मबीर की शिकायत पर अभियोग दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी थी। उन्होंने बताया पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह के संज्ञान में उक्त मामला आते ही उन्होंने सीआईए वन प्रभारी इंस्पेक्टर फूल कुमार की टीम को आरोपियों की धरपकड़ की जिम्मेदारी सौंपी थी।

पुलिस टीम ने बुधवार को दोनों आरोपियों को सेक्टर-18 से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बुलेट बाइक से फायर स्टंट कर वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करना स्वीकार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से फायर स्टंट में प्रयुक्त बुलेट बाइक बरामद कर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर बुधवार को अदालत में पेश किया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

Share this story