हरियाणा में गैस की किल्लत नहीं तो एजेंसियों पर कतारें क्यों : हुड्डा

WhatsApp Channel Join Now
हरियाणा में गैस की किल्लत नहीं तो एजेंसियों पर कतारें क्यों : हुड्डा


चंडीगढ़, 20 मार्च (हि.स.)। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने देशभर में गैस की किल्लत पर सवाल उठाते हुए कहा है कि अगर प्रदेश में एलपीजी की कोई किल्लत नहीं है तो गैस एजेंसियों के बाहर लाइनें क्यों लगी हुई हैं।

शुक्रवार को चंडीगढ़ में अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत में हुड्डा ने कहा कि सरकार की तरफ से स्थिति स्पष्ट नहीं की जा रही है। कई जगह कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई पूरी तरह रोक दी गई है, जिसके कारण होटल, रेस्तरां, ढाबे, कैटरिंग और अन्य छोटे-बड़े व्यवसाय ठप पड़ गए हैं या बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। कई जगह सिलेंडर बुकिंग और डिलीवरी में देरी हो रही है। इसके चलते कालाबाजारी भी चालू हो गई है। ऐसे में सरकार को जनता के सामने एलपीजी की सही स्थिति रखनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि दो दिन से रुक-रुककर हो रही बेमौसमी बारिश से गेहूं और सरसों की फसल को भारी नुकसान हुआ है। ऐसे में सरकार को तुरंत गिरदावरी करवाकर किसानों को मुआवजा देना चाहिए। राज्यसभा चुनाव पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि एक सीट जीतने के लिए न्यूनतम 31 मतों की आवश्यकता थी और कांग्रेस के पक्ष में विधायकों ने 32 वोट डाले। लेकिन निर्वाचन अधिकारी ने बीजेपी के साथ मिलकर साजिश की और हमारे 4 वोट रद्द कर दिए। इसके विरुद्ध कांग्रेस ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा है और चुनाव आयोग को भी शिकायत की है। साथ ही कांग्रेस के जिन 5 लोगों ने क्रॉस वोटिंग की है, उन पर हाई कमान की तरफ से एक्शन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story