पानीपत: घर से बुलाकर दोस्तों ने युवक की सुओं से गोदकर की हत्या

WhatsApp Channel Join Now
पानीपत: घर से बुलाकर दोस्तों ने युवक की सुओं से गोदकर की हत्या


पानीपत, 16 मार्च (हि.स.)। पानीपत में कुछ युवकाें ने अपने ही दाेस्त की सुए से गाेदकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को सेक्टर 13/17 स्थित एक खंडहर मकान में फेंक दिया गया। सोमवार को लोगों ने जब युवक के शव को पड़ा देखा तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल की। पुलिस के मुताबिक, हत्यारों ने दाई तरफ दिल वाले हिस्से को निशाना बनाते हुए सुए से छाती पर भी वार किया हुआ है। इसके बाद पुलिस ने एफएसएल की टीम को भी बुलाया, जिसने घटनास्थल से उंगलियों के निशान और अन्य साक्ष्य एकत्रित किए।

मृतक युवक की पहचान पानीपत के हरि नगर के रहने वाले 22 वर्षीय विशाल के तौर पर हुई है। परिवार के सदस्यों ने बताया कि उनके बेटे को रविवार की शाम को उसके कुछ दोस्त बुलाकर ले गए थे। जब काफी देर तक विशाल वापस नहीं लौटा और उसका मोबाइल भी बंद आने लगा, तो परिवार वालों को चिंता हुई। परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी तलाश शुरू की लेकिन कोई सुराग नहीं लगा अब उसका शव यहां मिला है।

पुलिस अब मृतक के उन दोस्तों को तलाश रही है, जो उसे बुलाकर ले गए थे। मृतक के परिजन सतीश ने बताया किसी युवक की लाश की खबर मिली, तो वह विशाल की तलाश करते हुए सेक्टर 13/17 के एक सुनसान और खंडहर हो चुके मकान के पास पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।

विशाल का खून से लथपथ शव फर्श पर पड़ा था। सेक्टर 13/17 थाना प्रभारी दलबीर सिंह ने बताया कि उन्हें सेक्टर 13/17 के एक खाली मकान में युवक का शव मिलने की सूचना मिली थी। मृतक की पहचान विशाल के रूप में हुई है। शरीर पर तेजधार हथियार के निशान हैं। परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए है। उसी आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर, आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

Share this story