यमुनानगर:चौथे दिन: नहर में लापता हुए दो सगे भाइयों का अभी सुराग नहीं, तलाश में जुटीं बचाव टीमें

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर:चौथे दिन: नहर में लापता हुए दो सगे भाइयों का अभी सुराग नहीं, तलाश में जुटीं बचाव टीमें


यमुनानगर, 20 फ़रवरी (हि.स.)। यमुनानगर जिले में स्थित पश्चिमी यमुना नहर में लापता हुए दो सगे भाइयों का चौथे दिन भी कोई पता नहीं चल पाया है। प्रशासन की ओर से लगातार राहत एवं खोज अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन अब तक दोनों युवकों का कोई ठोस सुराग सामने नहीं आया है। बचाव दलों और गोताखोरों ने नहर के भीतर और आसपास व्यापक स्तर पर तलाश अभियान संचालित किया है। अब तक करीब दस किलोमीटर क्षेत्र में पानी के भीतर खोज की जा चुकी है। टीमों ने गहराई में उतरकर कई स्थानों की जांच की, फिर भी सफलता नहीं मिल सकी। शुक्रवार सुबह से एक बार फिर गोताखोरों ने अभियान तेज करते हुए संभावित स्थानों पर सघन तलाशी शुरू की।

गोताखोरों के अनुसार वर्तमान में पानी का बहाव सामान्य है, लेकिन मौसम में ठंडक के कारण नहर का पानी बेहद ठंडा बना हुआ है। ऐसी परिस्थितियों में डूबे व्यक्ति का शव सतह पर आने में कई दिन लग सकते हैं। विशेषज्ञों ने संभावना जताई है कि आगामी एक से दो दिन के भीतर कोई अहम संकेत मिल सकता है। लापता युवकों की पहचान भगवानगढ़ निवासी उदय (24) और आर्यन (18) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार दोनों मंगलवार शाम धार्मिक सामग्री विसर्जन की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटे। अगले दिन नहर किनारे उनकी बाइक खड़ी मिली तथा पास ही चप्पलें पड़ी होने से अनहोनी की आशंका गहरा गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल खोज अभियान शुरू कराया।

घटना के बाद परिवार गहरे सदमे में है। मां रेखा की हालत लगातार बिगड़ी हुई बताई जा रही है। परिजन दिन-रात नहर किनारे मौजूद रहकर किसी सकारात्मक खबर की प्रतीक्षा कर रहे हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक दोनों युवकों का पता नहीं चल जाता।

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story