हिसार : नशे की लत में भाई ने चुराया बहन का मंगलसूत्र
दो आरोपी गिरफ्तार
हिसार, 30 जुलाई (हि.स.)। नशे की लत इंसान से
रिश्तों की पहचान भी छीन लेती है। हिसार में ऐसा ही एक चौंकाने वाला मामला सामने आया
है, जहां एक युवक ने अपने ही खून के रिश्ते को शर्मसार करते हुए बहन को बहाने से घर
से बाहर भेजा और साथी के साथ मिलकर मंगलसूत्र चोरी कर लिया।
इतना ही नहीं, दोनों आरोपियों ने चोरी किए गए मंगलसूत्र को 50 हजार रुपये में फाइनेंस
कंपनी में गिरवी रखकर रकम भी हड़प ली। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले का पर्दाफाश
कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
एचएयू पुलिस चौकी टीम ने इस संबंध में जिन दो
आरोपियों को पकड़ा है, उनकी पहचान उदयपुरिया मोहल्ला निवासी नमन व खारिया डोभी निवासी
राहुल के के रूप में हुई है। चौकी प्रभारी पीएसआई पंकज कुमार ने गुरुवार काे बताया कि प्रेम नगर
निवासी महिला ने शिकायत में बताया कि उसका भाई नमन नशे का आदी है। घटना वाले दिन वह
अपने साथी राहुल के साथ उसे किसी बहाने से घर से बाहर ले गया और उसकी मां के घर छोड़
आया। इसके बाद दोनों सीधे महिला के किराये के मकान पर पहुंचे और अलमारी में रखा मंगलसूत्र
चोरी कर फरार हो गए। अगले दिन जब महिला ने अलमारी देखी तो मंगलसूत्र गायब था। भाई पर
शक होने पर उसने पुलिस को शिकायत दी और घटना से संबंधित वीडियो रिकॉर्डिंग भी उपलब्ध
करवाई।
शिकायत मिलने के बाद एचएयू चौकी पुलिस ने मामला
दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य प्रमाणों
के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी नमन के कब्जे से
26 हजार 600 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया, जबकि राहुल के पास से पांच
हजार रुपये नकद, एक मोबाइल फोन तथा मणप्पुरम फाइनेंस कंपनी में मंगलसूत्र गिरवी रखने
से संबंधित दस्तावेज बरामद हुए।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

