सिरसा: कांग्रेस नेताओं में मुख्यमंत्री बनने का भूत सवार : बृजेंद्र सिंह

WhatsApp Channel Join Now
सिरसा: कांग्रेस नेताओं में मुख्यमंत्री बनने का भूत सवार : बृजेंद्र सिंह


सिरसा, 24 मार्च (हि.स.)। पूर्व सांसद एवं कांग्रेसी नेता बृजेंद्र सिंह ने कहा है कि प्रदेश के सारे कांग्रेस नेताओं पर मुख्यमंत्री बनने का भूत चढ़ा हुआ है। जब तक यह भूत नहीं उतरेगा, भाजपा से लड़ाई नहीं लड़ पाएंगे।

बृजेंद्र सिंह मंगलवार को अपनी सद्भावना यात्रा के सिरसा विधानसभा क्षेत्र में पहुंचने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। बृजेंद्र सिंह जिला बार एसोसिएशन में भी पहुंचे जहां बार एसोसिएशन के प्रधान गंगा राम ढाका ने स्वागत किया। बृजेंद्र सिंह ने सद्भावना यात्रा पर पार्टी के ही कुछ नेताओं द्वारा दूरी बनाने के सवाल पर कहा कि कोई नेता चाहे आया या नहीं, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। यह यात्रा हरियाणा के राजनीतिक मानचित्र पर स्थापित हो गई है और वे आमजन के लिए सडक़ पर लड़ाई लड़ रहे हैं। पार्टी नेता राहुल गांधी से मुलाकात के सवाल पर उन्होंने कहा कि यात्रा के बारे में राहुल गांधी से चर्चा हुई है और उन्हें सब पता है कि यात्रा में किस-किस की भागीदारी हो रही हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि वे चुगली करने के आदी नहीं हैं।

राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस के कुछ विधायकों द्वारा क्रॉस वोटिंग के सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी के एक चौथाई विधायकों द्वारा जो प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से दगा किया है उसके पीछे वजह क्या है और वे विरोध में क्यों हैं, इसकी जिम्मेवारी भी पार्टी के जिम्मेदार लोगों को लेनी चाहिए। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि साधारण से चुनाव में भी भाजपा ने जानबूझकर तीसरा उम्मीदवार खड़ा किया, क्योंकि औछी राजनीति करना भाजपा की आदत बन गई है। भाजपा को पता था कि बिकने वाले लोग खड़े हैं और भाजपा हमेशा खरीददारी के लिए पैसों के बोरियों के मुंह खोल देती हैं। इस सद्भावना यात्रा में जिलाध्यक्ष संतोष बैनीवाल, राम कुमार खैरेकां, पूर्व डायरेक्टर प्रेम शर्मा, आनंदवीर गिल्लाखेड़ा, विजय खैरेकां सहित अनेक पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story