बृजेंद्र सिंह की यात्रा में शामिल हाेंगे हुड्डा और राव नरेंद्र
प्रदेश अध्यक्ष ने सांसदों, विधायकों और जिलाध्यक्षों के नाम जारी किया पत्रचंडीगढ़, 07 मई (हि.स.)। अभी तक हिसार के पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह की सद्भाव यात्रा को निजी बताकर कन्नी काट रहे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा तथा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह शुक्रवार को इस यात्रा में शामिल होंगे। राहुल गांधी के नेतृत्व में चलने वाली इस यात्रा में कांग्रेस के सभी गुट शामिल होंगे।
हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने सभी सांसदों, विधायकों और पार्टी जिलाध्यक्षों को इस यात्रा में शामिल होने के लिए निर्देशित किया है। पिछले साल पांच अक्टूबर को आरंभ हुई बृजेंद्र सिंह की इस सद्भाव यात्रा में शामिल होने के लिए लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी शुक्रवार को गुरुग्राम के गांव खांडसा चौक पर पहुंच रहे हैं। राहुल गांधी के इस कार्यक्रम में विधानसभा में विपक्ष के नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी बीके हरिप्रसाद, प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह और सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा भी शामिल होंगे।
खास बात यह है कि बृजेंद्र सिंह ने जब यह यात्रा शुरू की थी, तब बीके हरिप्रसाद और राव नरेंद्र सिंह ने खुले तौर पर इस यात्रा को हरियाणा कांग्रेस कमेटी की अधिकृत यात्रा मानने से इनकार कर दिया था। अब चूंकि राहुल गांधी इस यात्रा में शामिल हो रहे हैं तो सभी कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं का गुरुग्राम पहुंचना जरूरी हो गया है। राव नरेंद्र सिंह ने कांग्रेस जिलाध्यक्षों, सांसदों, पूर्व सांसदों, विधायकों, पूर्व विधायकों, कांग्रेस उम्मीदवारों और सभी विभागों के राज्य स्तरीय नेताओं को पत्र लिखकर राहुल गांधी के कार्यक्रम में पहुंचने का आग्रह किया है।
प्रदेश अध्यक्ष ने जो पत्र जारी किया है, उसमें सद्भाव यात्रा में राहुल गांधी के शामिल होने काे कहा गया है। प्रदेश अध्यक्ष ने उन शहरी निकाय क्षेत्रों के नेताओं, पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को राहुल गांधी के कार्यक्रम में शामिल नहीं होने की छूट दी है, जहां-जहां चुनाव होने वाले हैं।
राहुल गांधी चुनाव प्रचार के अंतिम दिन आठ मई को गुरुग्राम आ रहे हैं। राहुल गांधी शुक्रवार शाम को करीब तीन बजे पदयात्रा गुरुग्राम के खांडसा रोड स्थित हरी नगर की सब्जी मंडी से आरंभ करेंगे और एसडी स्कूल में जनसभा को संबोधित करेंगे। कांग्रेस महासचिव एवं सांसद कुमारी सैलजा, राज्यसभा सदस्य रणदीप सिंह सुरजेवाला और पूर्व मंत्री कैप्टन अजय यादव पहले ही बृजेंद्र सिंह सद्भाव यात्रा में कई बार शामिल हो चुके हैं, जबकि भूपेंद्र सिंह हुड्डा गुट ने इस यात्रा से दूरी बनाए रखी थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

