यमुनानगर में यमुना नदी में तैरता मिला शव,पहचान नहीं

WhatsApp Channel Join Now

यमुनानगर, 19 जुलाई (हि.स.)। यमुनानगर के शादीपुर पुल के समीप रविवार को यमुना नदी से एक व्यक्ति का शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुल के नीचे शव दिखाई देने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची। संयुक्त प्रयास से शव को नदी से बाहर निकालकर कब्जे में लिया गया।

पुलिस ने मौके पर मृतक की पहचान के लिए तलाशी अभियान चलाया, लेकिन उसके पास से कोई पहचान पत्र अथवा अन्य दस्तावेज बरामद नहीं हुए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया। पहचान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शव को 72 घंटे तक अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखा जाएगा। निर्धारित अवधि तक यदि कोई परिजन सामने नहीं आता है, तो नियमानुसार आगे की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

जांच अधिकारी एएसआई राजिंद्र ने बताया कि मृतक की अनुमानित आयु करीब 40 वर्ष है। उसकी पहचान के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों को सूचना भेजी गई है तथा हाल ही में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का भी मिलान किया जा रहा है।

गोताखोर राजीव के अनुसार, शव लगभग दो से तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। मृतक की एक बाजू पर बना 'ॐ' का टैटू पहचान का महत्वपूर्ण संकेत हो सकता है। प्रारंभिक निरीक्षण में शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट या संघर्ष के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। संभावना व्यक्त की जा रही है कि शव नदी की ऊपरी धारा से बहकर शादीपुर पुल के नीचे आकर फंस गया। पुलिस का कहना है कि मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही चल सकेगा।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story