फतेहाबाद से लापता युवती का शव सिरसा में नहर से मिला

WhatsApp Channel Join Now

सिरसा, 26 जुलाई (हि.स.)। फतेहाबाद जिला क्षेत्र से लापता एक युवती का शव सिरसा की नहर से मिला है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया। मृतक युवती की पहचान सौम्या के रूप में हुई है। ग्रामीणों ने शनिवार देर शाम को गांव माखोसरानी के निकट कुतियाना माइनर में एक शव बहता हुआ देखा।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाल कर अस्पताल पहुंचाया। नहर से युवती की लाश मिलने की सूचना पर मृतका के परिजन रविवार काे अस्पताल में पहुचे और शव की पहचान सौम्या के रूप में की। परिजनों के अनुसार सौम्या बीती 24 जुलाई को अपने घर से निकली थी, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटी। मृतका के पिता सुभाष चंद्र ने 24 जुलाई को ही भूना थाने में सौम्या की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

छात्रा से छेड़छाड़ का आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने जिला क्षेत्र में एक छात्रा से छेड़छाड़ करने के आरोपी अजय कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। डिंग थाना प्रभारी ने बताया कि पीडि़ता अपने परिजनों के साथ थाने पहुंची और घटना की शिकायत दर्ज करवाई। महिला अधिवक्ता की मौजूदगी में छात्रा के बयान दर्ज किए गए। पीडि़ता ने बताया कि आरोपी उसके घर आया और गलत नीयत से उसका हाथ पकडक़र छेड़छाड़ करने लगा। छात्रा के शोर मचाने पर आरोपी दीवार फांदकर मौके से फरार हो गया।

इसके बाद पीडि़ता ने पूरी घटना अपने परिजनों को बताई। परिजन नाबालिग लडक़ी को लेकर पुलिस थाना में पहुंचे और शिकायत दर्ज करवाई। आरोपी के खिलाफ थाना डिंग में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने महत्वपूर्ण सूचना एवं साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को काबू कर अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story