जींद : अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में दो महिलाओं की मौत

WhatsApp Channel Join Now
जींद : अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में दो महिलाओं की मौत


जींद, 05 अगस्त (हि.स.)। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में दो महिलाओं की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर संबंधित थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया है।

पानीपत रेलमार्ग स्थित सिल्लाखेड़ी स्टेशन के पास बुधवार को एक महिला ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही जीआरपी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। बुधवार दोपहर पानीपत से जींद आ रही पैसेंजर ट्रेन जब सिल्लाखेड़ी स्टेशन पर पहुंची तो एक महिला ट्रेन के आगे कूद गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। मृतका के पास से ऐसा कुछ बरामद नहीं हुआ है, जिससे उसकी शिनाख्त हो सके। रेलवे पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में ले पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया है। रेलवे के जांच अधिकारी एएसआई कपिल ने बताया कि महिला की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास के थाना क्षेत्रों में भी सूचना भेजी गई है।

खेत में सिंचाई करते समय करंट लगने से महिला की मौत

गांव शामदो निवासी सतप्रकाश की पत्नी संतोष (48) मंगलवार शाम को अपने खेत में धान की सिंचाई कर रही थी। इसी दौरान उसको करंट लग गया। उसको तुरंत नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। संतोष के पति की करीब 20 साल पहले मौत हो गई थी, वहीं महिला अपने इकलौते बेटे सौरभ के साथ रहती थी। पुलिस ने मृतका के शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story