यमुनानगर:जगाधरी वर्कशॉप स्टेशन के समीप नाले में मिला व्यक्ति का शव

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर:जगाधरी वर्कशॉप स्टेशन के समीप नाले में मिला व्यक्ति का शव


यमुनानगर, 13 मई (हि.स.) यमुनानगर के जगाधरी वर्कशॉप रेलवे स्टेशन के बाहर स्थित नाले में बुधवार सुबह एक अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर जीआरपी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर जांच प्रक्रिया शुरू की। घटनास्थल पर जिला पुलिस तथा फोरेंसिक टीम ने भी निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार, सुबह स्टेशन के आसपास मौजूद लोगों ने नाले में एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा, जिसके बाद मामले की जानकारी रेलवे पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही जांच अधिकारी एएसआई बोधराज अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच के बाद शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल यमुनानगर की मोर्चरी में भिजवा दिया गया। तलाशी के दौरान मृतक के पास से कोई पहचान पत्र, मोबाइल फोन अथवा अन्य दस्तावेज बरामद नहीं हुआ, जिससे उसकी पहचान स्थापित हो सके। मृतक ने काले रंग की शर्ट और नीली जींस पहन रखी थी। पुलिस के मुताबिक उसकी उम्र करीब 50 वर्ष प्रतीत हो रही है।

जांच अधिकारियों ने बताया कि मृतक के दाहिने हाथ पर ‘ओम’ का चिन्ह अंकित है तथा उसने हाथ में कड़ा पहन रखा था। इन्हीं संकेतों के आधार पर पुलिस आसपास के क्षेत्रों में उसकी पहचान कराने का प्रयास कर रही है। फोरेंसिक टीम ने मौके से आवश्यक नमूने एकत्र किए हैं। पुलिस का कहना है कि शव को 72 घंटे के लिए मोर्चरी में सुरक्षित रखा गया है, ताकि पहचान होने की स्थिति में परिजनों को सूचना दी जा सके। फिलहाल मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story