हिसार : पारिवारिक विवाद के निपटारे के लिए बुलाई गई पंचायत में खूनी संघर्ष
हिसार, 25 अप्रैल
(हि.स.)। बालसमंद क्षेत्र में घरेलू कलह सुलझाने के लिए बुलाई गई पंचायत उस समय हिंसक
झड़प में बदल गई, जब पंचायत सदस्यों और परिजनों के बीच कहासुनी हो गई। इस मामले में
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें
अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस प्रवक्ता ने शनिवार को बताया कि इस संबंध में शिकायतकर्ता बालसमंद निवासी रवीना ने शिकायत दी थी। उसने बताया कि 17 अप्रैल को दोपहर
करीब 3:30 बजे वह अपने ससुर रूपचंद और सास संतोष के साथ घर पर थी। इसी दौरान उसकी देवरानी
सुमन अपने मायके और ससुराल पक्ष के अन्य लोगों के साथ घर आई। घर पर घरेलू कलह के समाधान
के लिए बातचीत और पंचायत चल रही थी। तभी देवरानी सुमन ने अपने सास-ससुर को साथ रखने
से मना कर दिया। इसी बात पर विवाद गहरा गया और सुमन के साथ आए व्यक्तियों ने रवीना
और उनके परिवार पर हमला कर दिया।
आरोप है कि विवाद
के दौरान आरोपियों ने रवीना और उनके ससुर पर ईंटों और लात-घूंसों से हमला किया। हमले
में रवीना के सिर पर गंभीर चोट आई और उसके ससुर रूपचंद के सिर के पिछले हिस्से में
भी ईंट मारी गई। शोर सुनकर भीड़ इकट्ठा होने पर हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए
मौके से फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और घटना
में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें भिवानी निवासी जॉनी व सतबीर शामिल
है। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक
हिरासत में भेज दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

