पानीपत : होली पर्व पर हुए खूनी संघर्ष में एक युवक को ईंटों से पीट पीट कर मार डाला
पानीपत, 04 मार्च (हि.स.)। होली पर्व पर काबड़ी रोड कच्चा फाटक पर दो बाईकों की हुई मामूली टक्कर से दो गुटों के बीच हुई कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। इसमें एक अन्य युवक की जान चली गई। आरोपियों ने दूसरे गुट का सदस्य समझकर एक युवक पर ईंटों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अस्पताल ले जाते समय युवक ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, इसके बाद पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही हैं।
पुलिस के अनुसार बुधवार को होली के दिन काबड़ी रोड कच्चा फाटक रोड पर कई लोग होली खेलने में मस्त थे। इसी दौरान दो बाइकों की आपस में टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों पक्षों के बीच कहा सुनी हो गई और देखते ही देखते झगड़ा शुरू हो गया। स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद उस समय दोनों गुट वहां से चले गए। कुछ देर बाद एक गुट के युवक फिर से मौके पर लौटे। आरोप है कि उन्होंने वहां मौजूद शक्तिनगर निवासी रोहित को दूसरे गुट का सदस्य समझ लिया। बदमाशों ने रोहित पर ईंटों से ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। अचानक हुए इस हमले में रोहित को संभलने तक का मौका नहीं मिला और वह खून से लथपथ वही गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल रोहित को सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पास मिले मोबाइल और दस्तावेजों के जरिए पुलिस ने उसकी पहचान की और परिजनों को सूचित किया। थाना पुराना औद्योगिक क्षेत्र पुलिस के साथ सीआईए और साइबर टीम भी सक्रिय हो गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

