पलवल में बाइक हटाने को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, पांच घायल

WhatsApp Channel Join Now

पलवल, 06 अक्टूबर (हि.स.)। धतीर गांव में घर के सामने खड़ी बाइक हटाने को लेकर मंगलवार काे दो पक्षों में विवाद हो गया। कहासुनी के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि एक पक्ष के करीब 12 लोग हथियारों से लैस होकर दोबारा मौके पर पहुंचे और दूसरे पक्ष के लोगों पर फरसे, सरिये, रोड और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में पांच लोग घायल हो गए। आरोपितों पर घर में ईंटें फेंकने और एक युवक के गले से तीन तोले की सोने की चेन व एक तोले का खाटू श्याम का लॉकेट लूटने का भी आरोप लगाया गया है। मारपीट की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। धतीर चौकी पुलिस ने 12 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में धतीर गांव निवासी घायल कर्मचंद ने बताया कि उसकी बाइक घर के सामने खड़ी थी। इसी दौरान मोहित ऑटो लेकर वहां पहुंचा और बाइक हटाने को लेकर गाली-गलौज करने लगा। कर्मचंद ने मोहित से ऑटो हटाने के लिए कहा। इसी बात को लेकर धर्मवीर और रोहित भी मौके पर आ गए। आरोप है कि तीनों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।

आरोप है कि करीब 10 मिनट बाद आरोपी दोबारा हथियार लेकर मौके पर पहुंचे। मुकेश, मनीष, भारत, लोकेश, सागर और जगबीर समेत करीब 12 लोगों ने फरसे, सरिये, रोड और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान आरोपितों ने घर पर ईंटें भी बरसाईं। ईंट लगने से प्रशांत घायल हो गया, जबकि प्रदीप पर तेजधार हथियार से वार किए जाने का आरोप है।

मारपीट में कर्मचंद, प्रशांत, हेमराज, कन्हैया और पिंटू घायल हुए। शिकायत के अनुसार झगड़े के दौरान प्रशांत उर्फ पिंटू के गले से तीन तोले की सोने की चेन और एक तोले का खाटू श्याम का लॉकेट भी लूट लिया गया। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया कि आरोपित दबंग और झगड़ालू प्रवृत्ति के हैं तथा आए दिन गाली-गलौज और गुंडागर्दी करते हैं। आरोपितों पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। धतीर चौकी पुलिस ने शिकायत के आधार पर 12 आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

Share this story