नूंह जिला कांग्रेस की बैठक में संगठन की मजबूती पर हुआ मंथन

WhatsApp Channel Join Now
नूंह जिला कांग्रेस की बैठक में संगठन की मजबूती पर हुआ मंथन


नूंह, 04 सितंबर (हि.स.)। नूंह जिला कांग्रेस कमेटी ने कार्यकर्ताओं को लामबंद करते हुए लोगों को सरकार विरोधी नीतियों के प्रति लामबंद करने के निर्देश जारी किए हैं। नूंह में शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी की मासिक समीक्षा बैठक जिला अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक शहीदा खान की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकारिणी सदस्यों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कांग्रेस मीडिया कोऑर्डिनेटर राहुल वशिष्ठ भी बैठक में विशेष रूप से उपस्थित रहे।

बैठक में संगठन की गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों तथा पार्टी को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा करते हुए कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने का आह्वान किया गया।

बैठक में आगामी छह सितंबर को पिनगवां ब्लॉक में आयोजित होने वाले ब्लॉक कांग्रेस सम्मेलन की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। सम्मेलन को सफल बनाने के लिए पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। कार्यकर्ताओं ने सम्मेलन में अधिक से अधिक लोगों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष शहीदा खान ने संगठन में एकजुटता और सक्रियता पर जोर देते हुए कहा कि कार्यकर्ता ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य करने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Share this story