हिसार : एसी में गैस भरने वाली किट में ब्लास्ट, युवक गंभीर
भिवानी के विद्यानगर
का रहने वाला है घायल मुकेश
हिसार, 16 अप्रैल
(हि.स.)। शहर की पीएलए मार्केट में एसी में गैस भरने वाली किट में ब्लास्ट होने से
एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान भिवानी के विद्यानगर निवासी
मुकेश के रूप में हुई है। मुकेश अपनी बाइक पर पीएलए मार्केट में खाने-पीने का सामान
लेने आया था।
प्राप्त जानकारी
के अनुसार मुकेश गुरुवार को एक रेहड़ी के पास खड़ा था। उसके सामने एक जूस की दुकान
पर एक अन्य व्यक्ति भी सामान ले रहा था, जिसकी बाइक के पीछे रखे बैग में एसी गैस किट
रखी हुई थी। बताया जा रहा है कि अत्यधिक गर्मी और दबाव के कारण अचानक वह किट फट गई।
किट की नोजल का हिस्सा तेज गति से उछलकर सामने खड़े मुकेश के सिर में जा लगा। इस हादसे
में मुकेश के सिर में गंभीर चोट आई और वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। आसपास
मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के तुरंत बाद
स्थानीय लोगों ने घायल मुकेश को उपचार के लिए चुड़ामणि अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक
इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे हिसार के एक निजी अस्पताल
में रेफर कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसा इतना अचानक हुआ कि किसी को
संभलने का मौका नहीं मिला। पुलिस को भी घटना की सूचना दे दी गई है। प्रारंभिक जांच
में सामने आया है कि कंप्रेसर में अधिक गर्मी और दबाव के चलते ही यह विस्फोट हुआ। निजी
अस्पताल में मुकेश का इलाज चल रहा है, वहीं पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

