सिरसा: किसानाें ने फैक्ट्रियों में सप्लाई होता यूरिया पकड़ा
सिरसा, 19 जून (हि.स.)। सिरसा जिले में किसान संगठनों ने यूरिया खाद की कालाबाजारी का पर्दाफाश किया है। किसानों के अनुसार यह खाद अवैध रूप से टेक्निकल ग्रेड यूरिया के रूप में विभिन्न राज्यों की फैक्ट्रियों में सप्लाई की जा रही थी। सूचना मिलने पर किसान मौके पर पहुंचे और कृषि विभाग की मदद से खाद से भरे ट्रक को पकड़ लिया।
भारतीय किसान एकता के प्रधान लखविंद्र सिंह ने शुक्रवार को बताया कि उन्हें सूत्रों से जानकारी मिली कि पंचकूला स्थित अर्पित इंटरप्राइजेज के नाम से संचालित फर्म का संचालक नरेंद्र कुमार किसानों के हिस्से की यूरिया खाद को टेक्निकल ग्रेड यूरिया बताकर देश के कई राज्यों की फैक्ट्रियों में भेजने का अवैध कारोबार कर रहा है। सूचना की पुष्टि करने के लिए सिरसा कृषि विभाग के उप कृषि निदेशक सुखदेव सिंह से विचार-विमर्श कर एक स्टिंग ऑपरेशन चलाया गया। किसानों ने फर्जी ग्राहक बनकर नरेंद्र कुमार से 500 गट्टे यूरिया खाद का सौदा किया तथा उसके खाते में 20 हजार रुपये अग्रिम राशि जमा करवाई गई। इसके बाद आरोपी ने टेक्निकल ग्रेड यूरिया लिखे गट्टों में भरी हुई खाद को ट्रक में लोड करते हुए वीडियो भेजी तथा शेष भुगतान की मांग की। अधिक मुनाफे के लालच में आरोपी ने किसानों को खाद उपलब्ध करवा दी।
किसानों ने ट्रक को रोककर चालक से पूछताछ की तथा कृषि विभाग को शिकायत दी गई। सूचना मिलते ही कृषि विभाग की टीम और थाना डिंग के एसएचओ पुलिस बल सहित मौके पर पहुंचे। लखविंदर सिंह ने बताया कि पकड़े गए ट्रक से 500 गट्टे टेक्निकल ग्रेड यूरिया बरामद हुई है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 9.44 लाख रुपये है। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि किसानों के लिए निर्धारित कृषि ग्रेड यूरिया को अवैध तरीके से टेक्निकल ग्रेड यूरिया के गट्टों में भरकर सप्लाई किया जा रहा था। इस मामले में आरोपियों के थाना डिंग में एफआईआर दर्ज की गई है।
किसानों ने हरियाणा सरकार और कृषि विभाग से मांग की कि किसानों के हिस्से की खाद की कालाबाजारी में शामिल पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसानों के अधिकारों पर डाका डालने की किसी की हिम्मत न हो।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

