एलजीपी सिलेंडर की कालाबाजारी पर सरकार सख्त, अब तक 825 सिलेंडर किए जब्त

WhatsApp Channel Join Now

चंडीगढ़, 24 मार्च (हि.स.)। हरियाणा के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राज्य मंत्री राजेश नागर ने बताया कि एलपीजी सिलेंडर से जुड़ी कोई भी अनियमितता सामने आती है तो उस पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है। मंगलवार को चंडीगढ़ में नागर ने बताया कि हरियाणा में एलपीजी सिलेंडर की कालाबाजारी और अवैध उपयोग के खिलाफ सरकार ने सख्त कार्रवाई करते हुए अब तक 8 एफआईआर दर्ज की हैं, 52 आरोपितों की संलिप्तता पाई गई और 825 सिलेंडर जब्त किए गए हैं।

मंत्री राजेश नागर ने बताया कि राज्य में पेट्रोल, डीजल एवं घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की आपूर्ति पूरी तरह से सामान्य है। जो शरारती एवं षड्यंत्रकारी तत्व अफवाह फैला रहे हैं, सरकार उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी।

उन्होंने बताया कि जब्त किए कुल 825 घरेलू एलपीजी में झज्जर जिले से 131, महेंद्रगढ़ जिले से 109, अंबाला से 86, भिवानी से 21, फरीदाबाद से 2, फतेहाबाद से 71, गुरुग्राम से 75, हिसार से 39, जींद से 17, कैथल से 10, करनाल से 44, कुरुक्षेत्र से 21, नूंह से 16, पानीपत से 23, रेवाड़ी से 21, रोहतक से 98, सिरसा से 12, सोनीपत से 12 और यमुनानगर से 17 एलपीजी सिलेंडर जब्त किये जा चुके हैं। अभी तक फरीदाबाद में 7 और सोनीपत में एक एफआईआर दर्ज की गई है। इसके अलावा तीन वाहन भी पकड़े गए हैं।

राज्य भर में आयल मार्केटिंग कंपनियों द्वारा पिछले 6 दिनों में 14.2 किलो के कुल 61034 घरेलू गैस सिलेंडरों की सप्लाई की गई है। वर्तमान में राज्य भर में बॉटलिंग प्लांट्स पर घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की कुल भंडार संख्या नौ लाख 82 हजार 212 है। राज्य भर में कमर्शियल आयल मार्केटिंग कंपनियों द्वारा पिछले 25 दिनों में 19 किलो के कुल 848 कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई की गई है। वर्तमान में राज्य भर में बॉटलिंग प्लांट्स पर कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कुल भंडार संख्या 179566 है।

विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि वर्तमान में हरियाणा में पेट्रोल, डीजल एवं घरेलू एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सुचारू रूप से चल रही है। प्रमुख तेल कंपनियों इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल), भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) एवं हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) के पास पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story