हरियाणा के सोनीपत में भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या

WhatsApp Channel Join Now
हरियाणा के सोनीपत में भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या


सोनीपत, 15 मार्च (हि.स.)। हरियाणा के सोनीपत जिले में भारतीय जनता पार्टी के नेता सुरेंद्र की शुक्रवार को होली के दिन गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या का कारण जमीन विवाद बताया जा रहा है। पुलिस ने भाजपा नेता की हत्या कर भागे पड़ोसी की तलाश तेज कर दी है।

पुलिस के अनुसार, जिले के उपमंडल गोहाना के गांव जवाहरा में भाजपा के मुंडलाना मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र की उनके पड़ोसी मन्नु ने गोली मारकर हत्या कर दी। आज शव को खानपुर मेडिकल कालेज एवं अस्पताल भेजा गया है।

बताया गया है कि 42 वर्षीय सुरेंद्र को पहले उनकी गली में गोली मारी गई। वह घायलावस्था में जान बचाकर भागे और एक दुकान में घुस गए। आरोपित ने दुकान में घुसकर उन्हें दूसरी गोली मारी और उनकी वहीं मौत हो गई।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, सुरेंद्र ने कुछ समय पहले मन्नू की बुआ की जमीन खरीदी थी। इस पर मन्नू ने उन्हें जमीन पर कदम न रखने की चेतावनी दी थी। सुरेंद्र ने हाल ही में उस जमीन की जुताई शुरू की थी। इससे मन्नू ने गुस्से में थे। भाजपा नेता सुरेंद्र पहले इनेलो में थे। जनवरी 2021 में उन्हें भाजपा पंचायती राज प्रकोष्ठ का अध्यक्ष बनाया गया था। हाल ही में वह मुंडलाना मंडल अध्यक्ष चुने गए थे। सुरेंद्र संयुक्त परिवार में रहते थे। उनके तीन बच्चे हैं। इनमें दो बेटियां और एक बेटा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

Share this story

News Hub