सिरसा: इनेलो, कांग्रेस और पंजाब सरकार पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने बोला हमला

WhatsApp Channel Join Now
सिरसा: इनेलो, कांग्रेस और पंजाब सरकार पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने बोला हमला


सिरसा, 30 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने इनलो, कांग्रेस और पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह गुरुओं, किसानों और अन्नदाताओं की धरती है। इस धरती पर लंबे समय तक एक ही परिवार राज करता रहा। उस परिवार ने सैंकड़ों एकड़ जमीन बनाई, लेकिन कभी किसानों, व्यापारियों की सुध नहीं ली और न ही गांवों का विकास कराया।

डॉ. अर्चना गुप्ता मंगलवार को सिरसा जिले में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रही थीं। डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि चौ. देवीलाल जमीन से जुड़े नेता रहे और पूर्व उप प्रधानमंत्री रहे, लेकिन उन्होंने भी यहां की भावी पीढ़ी के लिए कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि इनेलो की सरकार रहने के बावजूद क्षेत्र में सिंचाई, पेयजल और मूलभूत सुविधाओं तक का समुचित विकास नहीं कराया गया। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में समान विकास सुनिश्चित किया गया है। उन्होंने कहा कि किसानों के फसल नुकसान की भरपाई नायब सरकार कर रही है और इसी क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज की स्थापना भी नायब सरकार ने की है। इसके अलावा सिरसा में मेडीकल कालेज का निमार्ण कार्य भी जोर-शोर से चल रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में गुरूद्वारा चिल्ला साहिब सिरसा की जमीन का मालिकाना हक गुरूद्वारा साहिब को दिया गया।

डा. अर्चना गुप्ता ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पंजाब में नशे की समस्या लगातार बढ़ रही है और मान सरकार इसे रोकने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब में परिवार के परिवार बर्बाद हो रहे हैं, लेकिन पंजाब सरकार कोई कार्रवाई नहीं कर रही। इसके विपरीत हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश को नशामुक्त बनाने के लिए स्पेशल टास्क फोर्स का गठन किया है, जो नशे के कारोबार पर सख्ती से कार्रवाई कर रही है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पार्टी की मजबूती के के लिए काम करें, अपने बूथ को मजबूत रखें और बूथ जीता तो चुनाव जीता की रणनीति पर काम करें। इस मौके पर पूर्व राज्यपाल प्रो. गणेशीलाल, भाजपा जिलाध्यक्ष यतिंद्र सिंह, रेणु शर्माद्व पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, जगदीश चोपड़ा, चेयरमैन देवकुमार शर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story