निकाय चुनाव के घोषणा पत्र में विकास का रोडमैप पेश करेगी भाजपा

WhatsApp Channel Join Now
निकाय चुनाव के घोषणा पत्र में विकास का रोडमैप पेश करेगी भाजपा


-गुरुग्राम मुख्यालय में संकल्प पत्र निर्माण समिति ने बनाई रणनीति

-अब दिल्ली बैठक में तय होंगे प्रत्याशी व घोषणा पत्र पर लगेगी मोहर

चंडीगढ़, 18 अप्रैल (हि.स.)। नगर निकाय चुनाव के दौरान भारतीय जनता पार्टी वर्तमान सरकार द्वारा शुरू किए विकास कार्यों के आधार पर जहां जनता के बीच जाएगी वहीं घोषणा पत्र के माध्यम से शहरों के विकास का रोडमैप पेश किया जाएगा। नगर निकाय चुनाव के लिए भाजपा की राज्य संकल्प पत्र निर्माण समिति की पहली बैठक शनिवार को गुरुग्राम स्थित भाजपा कार्यालय गुरुकमल में हुई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली की अध्यक्षता में हुई बैठक में समिति के अध्यक्ष मंत्री विपुल गोयल, समिति के सदस्य प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया, प्रदेश उपाध्यक्ष वेदपाल एडवोकेट, पानीपत की मेयर कोमल सैनी, स्वच्छ भारत मिशन के वाइस चेयरमैन सुभाष चंद्र ने अपने-अपने सुझाव रखे।

बैठक के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि पार्टी का संकल्प पत्र आम जनता की आकांक्षाओं और जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा विकास और पारदर्शिता की राजनीति में विश्वास रखती है। निकाय चुनाव में भी इसी एजेंडे के साथ जनता के बीच जाएगी।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि निकाय चुनाव में रहने वाले मुद्दों पर आज की बैठक में विचार किया गया है। दिल्ली में होने वाली चुनाव समिति की आगामी बैठक में संकल्प पत्र के साथ-साथ उम्मीदवारों के नाम व अन्य विषयों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। केंद्र की अनुमति से उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी जाएगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि सात स्थानों पर चुनाव होने हैं। रेवाड़ी, धारूहेड़ा, कुकलाना और सांपला में नगर पालिका और नगर परिषद के चुनाव हैं। वहीं पंचकूला, सोनीपत और अंबाला में नगर निगम के चुनाव हैं। भाजपा का हर कार्यकर्ता चुनाव के लिए तैयार है। हरियाणा की जनता नायब सैनी सरकार के कार्यों से संतुष्ट है और भाजपा को निकाय चुनाव में जिताने का मन बना चुकी है। उन्होंने कहा कि 10 मई को चुनाव है और यह चुनाव शत प्रतिशत भाजपा के पक्ष में होगा और कांग्रेस पार्टी जीरो पर आउट हो जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story