हिसार : आधुनिक भारत के शिल्पकार थे राजीव गांधी : बृजलाल बहबलपुरिया

WhatsApp Channel Join Now
हिसार : आधुनिक भारत के शिल्पकार थे राजीव गांधी : बृजलाल बहबलपुरिया


युवाओं, तकनीक और पंचायती राज को नई दिशा देने

वाले नेता थे राजीव गांधी

हिसार, 21 मई (हि.स.)। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री

एवं भारत रत्न स्व. राजीव गांधी की 35वीं पुण्यतिथि के अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी

की ओर से कांग्रेस भवन में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बृजलाल बहबलपुरिया ने की। इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों

एवं कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि

दी तथा उनके योगदान को याद किया।

इस अवसर पर बृजलाल बहबलपुरिया ने गुरुवार काे कहा कि स्व.

राजीव गांधी केवल एक नेता नहीं बल्कि आधुनिक भारत के शिल्पकार थे। उन्होंने ऐसे भारत

का सपना देखा था जो विज्ञान, तकनीक और आधुनिक सोच के साथ विश्व में अपनी पहचान बनाए।

राजीव गांधी ने देश में सूचना क्रांति की नींव रखकर भारत को नई दिशा देने का कार्य

किया। कंप्यूटर और दूरसंचार क्षेत्र को बढ़ावा देकर उन्होंने देश को 21वीं सदी की ओर

अग्रसर किया। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी जी ने युवाओं को 18 वर्ष की आयु में मतदान

का अधिकार देकर लोकतंत्र को और अधिक मजबूत बनाया। पंचायती राज व्यवस्था को सशक्त कर

गांवों को अधिकार देने का काम किया तथा महिलाओं को स्थानीय निकायों में भागीदारी सुनिश्चित

करने की मजबूत सोच दी। शिक्षा, विज्ञान, तकनीक और राष्ट्रीय एकता के क्षेत्र में उनके

योगदान को देश हमेशा याद रखेगा।

बृजलाल बहबलपुरिया ने कहा कि जिस देश को राजीव

गांधी जी आधुनिक और आत्मनिर्भर भारत बनाने का सपना देखते थे, आज उसी देश का युवा रोजगार

के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और हरियाणा

में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार जनता के असली मुद्दों

से मुंह मोड़ चुकी है। उन्होंने कहा कि भाजपा

सरकार जनता के सवालों का जवाब देने की बजाय केवल प्रचार और वादों की राजनीति कर रही

है। आज आम आदमी महंगाई की मार झेल रहा है, युवा भविष्य को लेकर चिंतित है और प्रदेश

की जनता बदलाव का मन बना चुकी है। कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज बनकर हर मुद्दे पर

संघर्ष करती रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story