यमुनानगर:भाजपा स्थापना दिवस पर कार्यकर्ताओं में उत्साह, संगठन सशक्त बनाने का संकल्प

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर:भाजपा स्थापना दिवस पर कार्यकर्ताओं में उत्साह, संगठन सशक्त बनाने का संकल्प


यमुनानगर:भाजपा स्थापना दिवस पर कार्यकर्ताओं में उत्साह, संगठन सशक्त बनाने का संकल्प


यमुनानगर, 06 अप्रैल (हि.स.)यमुनानगर में भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार को जिले में विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर संगठन के प्रति समर्पण और एकजुटता का प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पार्टी के सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

यमुनानगर के मॉडल टाउन स्थित कार्यालय में विधायक घनश्यामदास अरोड़ा की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां कार्यकर्ताओं ने मिठाई वितरित कर स्थापना दिवस की खुशी साझा की। कार्यालय परिसर को पार्टी ध्वज और बैनरों से सजाया गया था। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक कार्यक्रम में शामिल हुए, जिससे माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा। इस अवसर पर विधायक अरोड़ा ने कहा कि पार्टी ने अपने स्थापना काल से लेकर आज तक राष्ट्रहित और जनकल्याण को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे संगठन की नीतियों और योजनाओं को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने संगठन की मजबूती को पार्टी की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए कार्यकर्ताओं की भूमिका को अहम बताया।

इसी कड़ी में रादौर में कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा के आवास पर भी स्थापना दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां भी कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटकर उत्सव मनाया और पार्टी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। मंत्री राणा ने कहा कि स्थापना दिवस के अवसर पर देशभर में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि कार्यकर्ताओं ने अपने घरों पर पार्टी का ध्वज लगाकर संगठनात्मक एकजुटता का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने अपने लंबे सफर में देश और प्रदेश में सशक्त पहचान बनाई है और जनकल्याणकारी नीतियों के माध्यम से समाज के हर वर्ग तक विकास पहुंचाने का कार्य किया है। साथ ही उन्होंने देश को आत्मनिर्भर और विकसित बनाने के लक्ष्य की दिशा में निरंतर प्रयास जारी रखने का आह्वान किया। कार्यक्रमों का समापन संगठनात्मक एकता और जनसेवा के संकल्प के साथ हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story