भाजपा ने चुनाव में बनाए लाखों राशन कार्ड अब काटे : भूपेन्द्र सिंह हुड्डा

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा ने चुनाव में बनाए लाखों राशन कार्ड अब काटे : भूपेन्द्र सिंह हुड्डा


रोहतक, 01 जनवरी (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने आरोप लगाया कि भाजपा केवल इवेंट मैनजमेंट की सरकार है। झूठ बोलकर बड़ा-बड़ा प्रचार करते है, लेकिन जमीनी स्तर पर कुछ नहीं किया है। लोग भाजपा से पूरी तरह से परेशान है। उन्होंने आंकड़ों के साथ कई बडे खुलासे करते हुए आरोप लगाया कि बीजेपी ने चुनाव में वोट हासिल करने के लिए लाखों फर्जी राशन कार्ड बनाए। क्योंकि आंकड़ों के अनुसार, 2020-21 में राशन कार्ड 11,09,865 थे, जो 2022-23 में बढक़र 26,40,475 और 2024 में 51,96,380 हो गए। इसी तरह लाभार्थी 52,40,111 से बढक़र 2,13,00,000 हो गए। यानी 80 प्रतिशत हरियाणवियों को बीजेपी ने बीपीएल घोषित कर दिया, लेकिन चुनाव बाद देशभर में 41 लाख राशन कार्ड काटे गए, जिसमें हरियाणा में सबसे अधिक 13,43,474 कार्ड काटे गए। इससे 70 लाख से अधिक लोगों का राशन बंद हो गया। यानी बीजेपी ने वोट लेने के लिए जनता के साथ धोखा किया।

गुरुवार को पूर्व सीएम हुड्डा रोहतक आवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने आरोप कि भाजपा ने लोगों से झूठ बोलकर सता हासिल की है और अभी तक एक भी वायदा सरकार ने पूरा नहीं किया। हरियाणा की सभी 85 लाख महिलाओं को 2100 रुपये मासिक देने का वादा किया गया, लेकिन अब केवल पांच लाख महिलाओं को ही यह राशि देने की बात कर रही है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि भर्तियों में भी हरियाणा सरकार हरियाणवी युवाओं के साथ अन्याय कर रही है। सरकार जानबूझकर हरियाणवियों को भर्तियों से बाहर कर रही है। हरियाणा पावर यूटिलिटीज असिस्टेंट इंजीनियर व अंग्रेजी असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती इसका उदाहरण है, जिसमें हरियाणवियों का चयन कम व बाहरी प्रदेशों के उम्मीदवारों का ज्यादा चयन किया गया है।

पूर्व सीएम हुड्डा ने कहा कि 24 फसलें एमएसपी पर खरीदने को लेकर भी सरकार झूठ बोल रही है। किसान परेशान है और सरकार झूठ बोलकर वाह वाही लूटना चाहती है। उन्होंने कहा कि मूंग, कपास आदि फसलें एमएसपी पर कभी नहीं बिकी। फरीदाबाद में एक महिला के साथ हुई गैंगरेप की घटना को लेकर भी नेता प्रतिपक्ष हुड्डा ने प्रतिक्रिया दी और कहा कि यह वारदात शर्मनाक और निंदनीय है। इससे साबित होता है कि हरियाणा में कानून-व्यवस्था नाममात्र की भी नहीं है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की सामाजिक प्रगति सूचकांक में हरियाणा सबसे असुरक्षित राज्य है।

भारतीय रिजर्व बैंक ने सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यवन मंत्रालय द्वारा जारी वार्षिक उद्योग सर्वेक्षण के डेटा के अनुसार हरियाणा में 2018-19 से आज तक 1446 फैक्ट्रियां या तो बंद हो गई है या पलायन कर गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने प्रदेश को बर्बाद कर दिया। सुप्रीम कोर्ट द्वारा अरावली पर्वमाता को लेकर स्वत: संज्ञान का नेता प्रतिपक्ष भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने स्वागत किया। इस अवसर पर विधायक भारत भूषण बतरा व आनंद सिंह दांगी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल

Share this story