हिसार : हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य कर रही भाजपा सरकार : डॉ. आशा खेदड़

जिला अध्यक्ष ने डी ग्रुप के चयनित युवाओं को
दी बधाई
हिसार, 5 जुलाई (हि.स.)। भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ.
आशा खेदड़ ने कहा है कि प्रदेश की भाजपा सरकार हर क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करते
हुए हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार के जनहितैषी
कार्यों से प्रदेश का हर वर्ग खुश है। उन्होंने हाल में सरकार की ओर से ग्रुप डी में
भर्ती किए गए उम्मीदवारों को बधाई दी और कहा कि सभी उम्मीदवार अपना कार्य कुशलता से
करें।
डॉ. आशा खेदड़ ने शनिवार काे कहा कि हाल ही में प्रदेश सरकार
ने डी ग्रुप के युवाओं की भर्ती करके उन्हें पारिवारिक, आर्थिक व सामाजिक रूप से राहत
प्रदान की है। इसके लिए सभी चयनित युवा बधाई के पात्र हैं। इससे पहले सरकार ने एचकेआरएन
कर्मियों का वेतन 5 प्रतिशत बढ़ाया था वहीं खिलाड़ियों को भी राहत देने वाले फैसले
किए हैं। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग को केवल मात्र भाजपा से ही आस है क्योंकि युवाओं
की असली पीड़ा व जरूरत को भाजपा ने ही समझा है।
डॉ. आशा खेदड़ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का
सत्ता व संगठन न केवल राजनीतिक बल्कि सामाजिक रूप से कार्य करता है। यही कारण है कि
न केवल केन्द्र व प्रदेश की भाजपा सरकार ने हर वर्ग के हित में कल्याणकारी योजनाएं
लागू करके हर जरूरतमंद तक उनका लाभ पहुंचाया है बल्कि पार्टी का संगठन इन योजनाओं का
लाभ जनता तक पहुंचाने के लिए कार्य कर रहा है।
पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता जनता के
लिए सदैव तत्पर रहता है ताकि कोई भी पात्र जनकल्याण की योजनाओं से वंचित न रहे। उन्होंने
पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे केन्द्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं
का लाभ हर पात्र तक पहुंचाएं। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी राजेन्द्र सपड़ा एवं
अन्य पदाधिकारियों ने भी युवाओं को नौकरियां देने सहित अन्य फैसलों का स्वागत किया
है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व
में हर वर्ग के हितों का ध्यान रख रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर