यमुनानगर: इंडिया गठबंधन के सामने बीजेपी की हार निश्चित है: सुशील गुप्ता

यमुनानगर: इंडिया गठबंधन के सामने बीजेपी की हार निश्चित है: सुशील गुप्ता
WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर: इंडिया गठबंधन के सामने बीजेपी की हार निश्चित है: सुशील गुप्ता


-- इंडिया गठबंधन के लोकसभा प्रत्याशी डॉ. सुशील गुप्ता ने रादौर के गांवों में किया दौरा

यमुनानगर, 03 अप्रैल (हि.स.)। आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और कुरुक्षेत्र लोकसभा से ‘इंडिया’ गठबंधन के प्रत्याशी डॉ. सुशील गुप्ता ने बुधवार को रादौर विधानसभा के गांव एवं वार्ड में चुनावी यात्रा की। उनके साथ रादौर से कांग्रेस विधायक बिशनलाल सैनी भी मौजूद रहे। डॉ. सुशील गुप्ता ने गांव गुमथला, संधाला, मंधार का चुनावी दौरा किया।

गांव कण्डरौली, राझेड़ी और ठसका में ग्रामीणों को संबोधित करते हुए डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि इस चुनाव में बीच में आआपा के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया गया, ताकि वे लोकसभा चुनाव में प्रचार न कर सकें। इस चुनाव में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को गिरफ्तार कर लिया गया ताकि वे लोकसभा चुनाव में प्रचार न कर सकें। इस चुनाव के बीच में कांग्रेस पार्टी के बैंक अकाउंट सीज कर दिए गए। आज तक देश में ऐसा नहीं हुआ।

उन्होंने कहा कि जब कुरुक्षेत्र का युद्ध हुआ, तब कोरवों की विशाल सेना थी। जबकि पांडवों के साथ भगवान श्रीकृष्ण थे। ऐसा ही हमारे साथ है। आज हमारे साथ सच्चाई और ईमानदारी है। कुरुक्षेत्र के चुनाव में इंडिया गठबंधन के सामने भाजपा को मुंह की खानी पड़ेगी। जनता और इंडिया गठबंधन साथ मिलकर बीजेपी को हराने का काम करेगा।

उन्होंने कहा कि आज देश के प्रजातंत्र और संविधान को खतरा है। इसलिए विपक्ष को भाजपा के खिलाफ गठबंधन करना पड़ा। अब विपक्ष एकजुट होकर बीजेपी के खिलाफ लड़ाई लड़ेगा। विपक्ष की एकजुटता को देखते हुए बीजेपी नेताओं में हड़कंप मचा हुआ है। उन्होंने कहा कि नवीन जिंदल को दो विकल्प दिए गए थे कि या तो यहां से चुनाव लड़ो या जेल जाओ। इसकी सच्चाई नवीन जिंदल ही जानते हैं। अब देश प्रदेश और कुरुक्षेत्र की जनता समझ रही है। उन्होंने कहा कि जनता सब समझ चुकी है और लोकसभा चुनाव में जनता हमें अपना आशीर्वाद देने का मन बना चुकी है।

हिन्दुस्थान समाचार/अवतार/संजीव

हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्‍वाइन करने के लि‍ये  यहां क्‍लि‍क करें, साथ ही लेटेस्‍ट हि‍न्‍दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लि‍ये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लि‍ये  यहां क्लिक करें।

Share this story