एसआईआर पर कांग्रेस को जवाब देने को घर-घर जाएंगे भाजपा कार्यकर्ता

WhatsApp Channel Join Now


प्रदेशाध्यक्ष अर्चना गुप्ता ने छह माह बदला संगठन का ढांचा

27 संगठनात्मक जिलों में नए प्रभारियों की नियुक्ति

चंडीगढ़, 20 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा भाजपा अब एक्शन मोड में नजर आएगी। विपक्ष के हर नेरेटिव का जवाब देने के लिए प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने एक्शन प्लान तैयार किया है। संगठनात्मक नियुक्तियों के साथ एसआईआर पर भाजपा कार्यकर्ता घर-घर दस्तक देगा। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने महज छह माह के कार्यकाल में संगठन को नई धार देने के साथ 27 संगठनात्मक जिलों में नए प्रभारियों की नियुक्तियां की हैं। जल्द ही जिला से लेकर बूथ तक नई टीम कमान संभालेगी।

हरियाणा भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के अनुसार, उनका फोकस संगठन की मजबूती के साथ कार्यकर्ताओं की जनसमस्याओं के निवारण पर है। कार्यकर्ताओं की समस्याओं के समाधान को लेकर पंचकूला स्थित पंचकमल कार्यालय में प्रदेश संगठन के पदाधिकारी और सरकार के मंत्री को जिम्मा सौंपा गया है। इसे न केवल संगठनात्मक जुड़ाव बढ़ेगा, बल्कि सरकार के पास धरातल पर जुड़े जन मुद्दों की जानकारी पहुंचेगी। बहरहाल, अर्चना गुप्ता का फोकस संगठन की कार्यशैली में बदलाव पर है, अब बैठकों में तैयार की रणनीति केवल कार्यालयों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि धरातल पर इसे अमलीजामा पहनाया जाएगा।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि एसआईआर पर कांग्रेस के नेरेटिव का जवाब देने के लिए रणनीति तैयार की गई है। भाजपा हरियाणा में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर सक्रियता बढ़ाएगी। पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में बने रहें और छूटे हुए पात्र नागरिकों के नाम नियमानुसार सूची में शामिल किए जा सकें, इसके लिए भाजपा प्रदेशभर में अभियान चलाएगी। भाजपा कार्यकर्ता घर-घर दस्तक देगा और अनुपस्थित, अन्यत्र स्थानांतरित और संपर्क नहीं हो पाने वाले मतदाताओं की पहचान कर उनकी वास्तविक स्थिति का पता लगाएगा। साथ ही, पात्र नागरिकों को निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रक्रिया पूरी करने में आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने नई टीम के साथ प्रदेशभर में सक्रियता बढ़ाने की रणनीति तैयार की है। सभी 90 विधानसभाओं से लेकर जिला व बूथ स्तर पर डॉ. गुप्ता कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करेंगी और कार्यकर्ताओं को आमजन तक भाजपा की नीतियां घर-घर पहुंचाने का जिम्मा सौंपा जाएगा। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ.अर्चना गुप्ता ने संगठन को नई धार देने के साथ कार्यकर्ताओं से संवाद का एक्शन प्लान तैयार किया है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780567 Articles

Share this story