सोनीपत: वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत, चालक फरार
सोनीपत, 21 अप्रैल (हि.स.)। सोनीपत
के पुरखास रोड पर हुए सड़क हादसे में तेज रफ्तार और लापरवाही ने एक व्यक्ति की जान
ले ली। एक वाहन की टक्कर से घायल मोटरसाइकिल सवार की मौत हो गई, जबकि आरोपी चालक मौके
से फरार हो गया। पुलिस ने मंगलवार को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त
जानकारी के अनुसार, मृतक गौतम का भतीजा कुनाल शादी में शामिल होने के लिए घर से निकला
था। जब वह पुरखास रोड पर गांव के सरकारी स्कूल के पास पहुंचा, तो वहां भीड़ जमा थी।
मौके पर जाकर उसने देखा कि उसके चाचा गौतम सड़क पर घायल पड़े थे व उनकी बाइक क्षतिग्रस्त हो गई थी। घायल गौतम को उपचार के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया,
जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना अस्पताल द्वारा पुलिस
को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। प्रारंभिक
जांच में सामने आया है कि किसी वाहन चालक ने तेज गति और लापरवाही से मोटरसाइकिल को
टक्कर मारी और मौके से फरार हो गया। हादसे में बाइक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त
हो गया। पुलिस ने मृतक के भतीजे की शिकायत पर थाना सदर सोनीपत में मामला दर्ज कर लिया
है। फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और फरार आरोपी व वाहन की पहचान
के प्रयास किए जा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

