हांसी में कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, दूसरा गंभीर

WhatsApp Channel Join Now

हांसी, 23 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित ढाणी कुतुबपुर फ्लाईओवर से

पहले लालपुरा कट के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में सिरसा निवासी एक युवक की मौत हो

गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों युवक बाइक पर सवार होकर हिसार

की ओर जा रहे थे, कि इसी दौरान पीछे से आई एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर

मार दी। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर

पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने नागरिक अस्पताल में परिजनों के बयान

पर वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप मामले

की जांच आरंभ कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सिरसा निवासी विक्रम व साहिल मंगलवार काे बाइक पर सवार

होकर हिसार की ओर जा रहे थे कि इसी दौरान दिल्ली की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार

ने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक बाइक समेत उछल

कर सड़क किनारे झाड़ियों में जा गिरे। हादसे में सिरसा के इंद्रपुरी मोहल्ला निवासी

33 वर्षीय विक्रम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी साहिल गंभीर रूप से घायल

हो गया।

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने डायल-112 और एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन

सहायता पहुंचने में कुछ समय लग गया। इस दौरान वहां से गुजर रहे एडवोकेट सोनू राजोरिया

ने मानवता का परिचय देते हुए दोनों घायलों को अपनी गाड़ी से नागरिक अस्पताल पहुंचाया।

चिकित्सकों ने विक्रम को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल साहिल को प्राथमिक

उपचार के बाद हिसार रेफर कर दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story