सोनीपत: बाइक डिवाइडर से टकराई, युवक की मौत, दो साथी घायल
सोनीपत, 13 सितंबर (हि.स.)। सोनीपत
के मुरथल रोड पर रविवार सुबह तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकराकर अनियंत्रित हो गई।
हादसे में बाइक चला रहे सांदल कलां निवासी सुमित (25) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि
उसके साथ सवार प्रिंस और साहिल घायल हो गए। तीनों युवक ब्लिंकिट में सामान पहुंचाने
का काम करते थे और पार्टी के बाद घर लौट रहे थे।
हादसा
रविवार सुबह करीब पांच बजे हुआ। पुलिस के अनुसार सुमित बाइक चला रहा था। डिवाइडर से
टक्कर लगने के बाद बाइक अनियंत्रित हो गई और तीनों सड़क पर गिर गए। सुमित को गंभीर
चोटें लगीं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना डायल-112 के माध्यम से
सुबह करीब पौने सात बजे पुलिस को मिली। जांच अधिकारी सोमबीर के अनुसार सूचना मिलते
ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।
घायल
प्रिंस और साहिल को सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। प्रिंस की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों
ने उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया, जबकि साहिल का सिविल अस्पताल में उपचार किया गया।
पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। सुमित
रात की ड्यूटी करता था और आमतौर पर सुबह करीब आठ बजे घर लौटता था। रविवार को भी ड्यूटी
पूरी करने के बाद घर जाते समय हादसा हुआ। वह शादीशुदा था और उसका एक बच्चा है। मौत
की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
राहगीरों
ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद सुमित का शव करीब दो से ढाई घंटे तक मौके पर पड़ा रहा।
उनका दावा है कि दो-तीन एंबुलेंस वहां से गुजरीं, लेकिन पुलिस केस होने की बात कहकर
नहीं रुकीं। एक घायल को राहगीर अपने स्तर पर अस्पताल ले गया, जबकि दूसरे को एंबुलेंस
से पहुंचाया गया। शव पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

