सोनीपत:अचानक ब्रेक से ट्रक में घुसी बाइक, दो दोस्तों की मौत
सोनीपत, 13 जुलाई (हि.स.)। सोनीपत
में कुराड़ बाईपास के पास हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। दोनों
गन्नौर न्यायालय में जरूरी काम से जा रहे थे। हादसे के बाद दोनों परिवारों में शोक
का माहौल है। मृतकों की पहचान सुनील और दीपक के रूप में हुई है। दोनों मजदूरी कर अपने
परिवार का पालन-पोषण करते थे और तीन-तीन बच्चों के पिता थे।
जानकारी
के अनुसार, दोनों पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार होकर गन्नौर जा रहे थे। रास्ते में उनके
आगे चल रहे जेबीएम कंपनी के ट्रक चालक ने कथित रूप से हवा भरवाने के लिए अचानक ब्रेक
लगा दिए। इससे पीछे चल रही मोटरसाइकिल ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर इतनी
तेज थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
आसपास मौजूद लोगों ने दोनों
को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही मुरथल थाना पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच
शुरू कर दी। परिजनों
ने बताया कि सुनील गन्नौर के शास्त्री नगर का रहने वाला था। वह मजदूरी कर परिवार का
पालन-पोषण करता था। उसके परिवार में पत्नी, आठ वर्ष और सात वर्ष की दो बेटियां तथा
तीन वर्ष का एक बेटा है। दीपक भी विवाहित था और मजदूरी करता था। उसके परिवार में पत्नी
और तीन छोटे बच्चे हैं। दोनों सोनीपत के देवड़ू रोड स्थित ऋषिकुल स्कूल के पास किराये
के मकान में रहते थे और वहीं से रोज काम पर आते-जाते थे। हादसे के समय दीपक मोटरसाइकिल
चला रहा था जबकि सुनील पीछे बैठा था। मुरथल
थाना पुलिस ने सोमवार को दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

