जींद : फायर ब्रिगेड की गाड़ी में घुसी बाइक, एक की मौत, एक घायल
जींद, 15 अगस्त (हि.स.)। जींद से होकर गुजर रहे नेशनल हाईवे 152-डी पर सीएम काफिले में खड़ी फायर ब्रिगेड की गाड़ी से शुक्रवार शाम को एक बाइक की टक्कर हो गई। इसमें बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। शनिवार को मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।
मोरखी गांव निवासी अनुज और मालसरी खेड़ा निवासी सचिन ने पिल्लूखेड़ा में कोरियर सर्विस की दुकान की हुई है। शनिवार शाम को अनुज और सचिन बाइक पर कोरियर देने के लिए अंबाला की तरफ गए थे। वहां से नेशनल हाईवे 152-डी से वापस आ रहे थे। गंगाटेहड़ी के पास सीएम काफिले की फायर ब्रिगेड़ की गाड़ियां सड़क किनारे खड़ी थी। बारिश के कारण अनुज की बाइक अचानक फायर ब्रिगेड की गाड़ी में पीछे जा घुसी। इसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
दोनों को राहगीरों की मदद से जींद से सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने अनुज को मृत घोषित कर दिया जबकि सचिन की हालत गंभीर बनी हुई है। शनिवार को अनुज के शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। अनुज अपने पिता का इकलौता बेटा था और तीन साल पहले ही उसकी शादी हुई थी। उसका डेढ़ साल का बेटा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

