फतेहाबाद: घग्गर पुल पर दो बाइक की जोरदार भिड़ंत

WhatsApp Channel Join Now


फतेहाबाद, 05 अप्रैल (हि.स.)। जिले के गांव तलवाड़ा के समीप घग्गर पुल पर रविवार को दो बाइक के बीच हुई आमने-सामने की टक्कर में पति-पत्नी सहित कुल चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और सड़क पर खून बिखर गया। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और एम्बुलेंस की सहायता से घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जाखल पहुंचाया गया।

जाखल सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद, तीन घायलों की नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। घायलों में रामफल नाम के व्यक्ति की हालत बेहद चिंताजनक बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है। पुलिस टीम अस्पताल और घटनास्थल का मुआयना कर रही है। फिलहाल, दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अर्जुन जग्गा

Share this story