कांग्रेस को बड़ा झटका, पलवल के दिग्गज नेता हर्ष कुमार भाजपा का दामन थामेंगे

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस को बड़ा झटका, पलवल के दिग्गज नेता हर्ष कुमार भाजपा का दामन थामेंगे


पलवल, 29 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा के पूर्व सिंचाई मंत्री हर्ष कुमार बुधवार को मुख्यमंत्री नायब सैनी की होडल अनाज में आयोजित रैली के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होंगें। उनके भाजपा में प्रवेश को लेकर लंबे समय से अटकलें लगाई जा रही थीं, जो अब औपचारिक रूप से समाप्त हो जायेंगी।

हर्ष कुमार का राजनीतिक सफर वर्ष 1996 में शुरू हुआ था, जब वे बंसीलाल सरकार में सिंचाई मंत्री बने थे। वे कांग्रेस के नेता करण दलाल के रिश्तेदार हैं, हालांकि दोनों के बीच लगभग 25 वर्षों तक राजनीतिक मतभेद बने रहे। वर्ष 2024 के विधानसभा चुनावों से पूर्व वे कांग्रेस में लौटे थे और भूपेंद्र सिंह हुड्डा व प्रदेश अध्यक्ष उदयभान की उपस्थिति में पुनः पार्टी में शामिल हुए थे। हथीन विधानसभा क्षेत्र से टिकट नहीं मिलने के कारण उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी की बजाय होडल से भाजपा उम्मीदवार हरेंद्र रामरतन का समर्थन किया था। इस बागी रुख के चलते कांग्रेस ने उन्हें छह वर्षों के लिए निष्कासित कर दिया था।सूत्रों के अनुसार, हर्ष कुमार पिछले कई महीनों से भाजपा के संपर्क में थे। उनके भाजपा में शामिल होने से पलवल, हथीन और होडल जैसे विधानसभा क्षेत्रों में राजनीतिक समीकरण प्रभावित होगा । स्थानीय स्तर पर उनके समर्थकों की संख्या को देखते हुए भाजपा को इन क्षेत्रों में चुनावी लाभ मिलने की संभावना जताई जा रही है। हर्ष कुमार का भाजपा में प्रवेश कांग्रेस के लिए बड़ा झटका है, जबकि भाजपा के लिए यह एक रणनीतिक बढ़त मानी जा रही है। पार्टी ने अपने जनाधार को विस्तार देने के क्रम में यह एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है।

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

Share this story