पलवल में नगर परिषद कार्यालय के लिए भूमि ट्रांसफर को सरकार की मंजूरी

WhatsApp Channel Join Now
पलवल में नगर परिषद कार्यालय के लिए भूमि ट्रांसफर को सरकार की मंजूरी


पलवल, 04 फ़रवरी (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने पलवल में 9944 वर्ग गज प्रांतीय भूमि को नगर परिषद पलवल को “ऑफिस-कम-कमर्शियल कॉम्प्लेक्स” और पार्किंग निर्माण हेतु वर्तमान कलेक्टर रेट पर ट्रांसफर करने की स्वीकृति प्रदान कर दी है। वर्ष 2024–25 के लिए कलेक्टर रेट 11,550 रुपये प्रति वर्ग गज निर्धारित है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की 19 जनवरी 2021 की नीति के अनुरूप उक्त भूमि का मूल्यांकन 11,48,53,200 रुपये आंका गया है। उल्लेखनीय है कि भूमि ट्रांसफर का प्रस्ताव नगर परिषद पलवल द्वारा 18 जुलाई 2018 को ही पारित कर दिया गया था।

नगर परिषद चेयरमैन डॉ. यशपाल ने बुधवार को बताया कि विभागीय समन्वय के चलते परियोजना से जुड़ी प्रशासनिक औपचारिकताएं पूर्ण की गईं। मुख्यमंत्री की तरफ से प्रस्ताव को अंतिम स्वीकृति मिली। वर्ष 2023 में भूमि रजिस्ट्री की प्रक्रिया के लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराई गई थी तथा विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) भी तैयार कर ली गई थी।

अब परियोजना अंतिम चरण में है और शीघ्र ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। निर्माण कार्य प्रारंभ होने के बाद पलवल को आधुनिक सुविधाओं से युक्त नगर परिषद कार्यालय प्राप्त होगा। प्रस्तावित कॉम्प्लेक्स को नगर निगम स्तर की सुविधाओं के अनुरूप विकसित किया जाएगा, जिससे आने वाले 50 वर्षों की प्रशासनिक और नागरिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखा गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

Share this story