कांग्रेस जिलाध्यक्षों को हाउस अरेस्ट करने पर विधानसभा में हंगामा, सदन से वाकआउट

WhatsApp Channel Join Now

चंडीगढ़, 25 फ़रवरी (हि.स.)। हरियाणा विधानसभा के बुधवार को नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र हुड्डा व अन्य कांग्रेस विधायकों ने पोस्टर लहराते हुए कहा कि सरकार के इशारे पर आज कांग्रेस के जिला अध्यक्षों, पूर्व विधायकों तथा अन्य नेताओं को घरों में नजरबंद किया गया है।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष अपने कार्यकर्ताओं के साथ चंडीगढ़ में मनरेगा को खत्म करने के विरोध में प्रदर्शन करने के लिए आने वाले थे। कांग्रेस जिलाध्यक्षों व कार्यकर्ताओं को पार्टी विधायकों द्वारा किए जाने वाले प्रदर्शन में शामिल होना था, लेकिन हाउस अरेस्ट होने की वजह से अधिकतर जिलाध्यक्ष और कांग्रेस के प्रमुख नेता प्रदर्शन में शामिल होने के लिए चंडीगढ़ नहीं पहुंच पाए। भूपेंद्र हुड्डा ने सरकार से पूछा कि अगर कांग्रेस जिलाध्यक्षों को हाउस अरेस्ट करने के आदेश नहीं दिए तो बताएं कि ऐसा अधिकारियों ने क्यों किया। अधिकारियों को मैं अपने आप देख लूंगा। मैं भी मुख्यमंत्री को सदन से बाहर नहीं निकलने दूंगा। अधिकारी चाहें तो मुझे रोककर देख लें।

हंगामे व नारेबाजी के बीच भूपेंद्र सिंह हुड्डा अपनी सीट से उठे और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की ओर मुखातिब होते हुए बोले कि भाजपा सरकार कांग्रेस के प्रदर्शन से डर गई है। इसी वजह से जिलाध्यक्षों को हाउस अरेस्ट कर लिया गया है।

भूपेंद्र सिंह हुड्डा के इस आरोप पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि विपक्ष के नेता झूठे और आधारहीन आरोप लगा रहे हैं। मेरी जानकारी में भी नहीं है कि किसी कांग्रेस नेता को हाउस अरेस्ट किया गया है। मैंने ऐसे कोई आदेश नहीं दिए हैं और न ही मुझे इस बात का पता है कि किसी को हाउस अरेस्ट किया गया है। नायब सैनी ने कहा कि कांग्रेस के पास चूंकि कोई मुद्दा नहीं है और उन्होंने भर्तियों पर अपने ही काम रोको प्रस्ताव पर चर्चा करने की बजाय सदन से भागने की जमीन तैयार कर ली है।

इस मुद्दे पर विधानसभा स्पीकर हरविंद्र कल्याण तथा भूपेंद्र हुड्डा के बीच तीखी बहस हुई। काफी देर हंगामे के बाद कांग्रेस विधायकों ने सदन से वाकआउट कर दिया। नायब सैनी ने वाक आउट कर रहे हुड्डा और उनके विधायकों को सदन से बाहर जाने से रोका, मगर हुड्डा नहीं रुके।

भूपेंद्र सिंह हुड्डा जब अपने विधायकों के नेतृत्व में वाकआउट कर रहे थे, तब वह जाते समय प्रशासनिक अधिकारियों की गैलरी में सबसे आगे बैठे मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी और गृह सचिव सुधीर राजपाल के पास रुके। उनसे दो से तीन मिनट तक पूरे तेवरों में बात की। दोनों अधिकारी गैलरी में बैठे हुए हुड्डा की बात सुन रहे थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story