भाखड़ा में जल स्तर 36 फुट अधिक,पेयजल का सही हो आवंटन : नायब सैनी
चंडीगढ़, 02 मई (हि.स.)। हरियाणा सरकार गर्मी के मौसम को देखते हुए जल प्रबंधन पर सतर्क हो गई है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को हिदायत दी है कि प्रदेश में पेयजल और सिंचाई के लिए पानी की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। भाखड़ा बांध में जलस्तर 36 फुट अधिक होने और कोटे का केवल 75-76 प्रतिशत पानी इस्तेमाल होने से स्थिति फिलहाल बेहतर है।
गर्मी बढ़ने पर जलापूर्ति में बाधा नहीं आएगी। हर गांव तक पानी की सप्लाई आसानी से होगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को सचिवालय में जन स्वास्थ्य विभाग व सिंचाई विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ पेयजल व कृषि सिंचाई के लिए पानी की स्थिति की समीक्षा कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जलघरों को भरकर रखने के साथ नहरों की सफाई तेज करने और ग्रामीण क्षेत्रों में सप्लाई मजबूत किया जाए, ताकि गर्मी बढ़ने पर पानी किल्लत का सामना न करना पड़े।
मुख्यमंत्री को अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश के 4000 एकल गांव आधारित जलघर हैं जबकि 2500 जलघर एक से अधिक गांवों के लिए हैं। सभी जलघर नहरों से जुड़े हैं और फिलहाल इनमें पर्याप्त पेयजल उपलब्ध है। मुख्यमंत्री घोषणाओं से संबंधित कार्य भी प्राथमिकता के आधार पर करवाने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि वे जल्द ही इस संबंध में अतिरिक्त मुख्य सचिवों के साथ मुख्यमंत्री घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश व उत्तर प्रदेश से संबंधित किशाऊ सहित अन्य जल परियोजनाओं के संबंध में जल्द ही जल शक्ति मंत्रालय के साथ बैठक की जाएगी, जिसमें इन राज्यों के अधिकारी भी शामिल होंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

