जींद : आगजनी के मामले में 57 युवकों के रिहा होने पर खापों ने किया सिंधु परिवार को सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now
जींद : आगजनी के मामले में 57 युवकों के रिहा होने पर खापों ने किया सिंधु परिवार को सम्मानित


जींद, 22 मार्च (हि.स.)। शहर की जाट धर्मशाला में रविवार को रोहतक चौरासी खाप के आह्वान पर उत्तर भारत सर्वखाप भाईचारा खाप का आयोजन किया गया। महापंचायत की अध्यक्षता सतरोल खाप के अध्यक्ष संदीप खर्ब ने की। सर्वखाप पंचायत ने आगजनी का शिकार होने के बाद भी 57 युवकों को माफ करने पर पूर्व वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु के बड़े भाई वीरसेन को पगड़ी पहना कर सम्मानित किया गया, वहीं समझौत में अहम भूमिका सतरोल खाप के प्रधान संदीप खर्ब, पूर्व प्रधान रामनिवास लोहान, रोहतक चौरासी के प्रधान हरदीप, पूर्व विधायक सोमबीर सांगवान को पगड़ी पहना कर सम्मानित किया गया।

सर्वजातिय खाप महापंचायत में उत्तर भारत की 165 खापों के चौधरियों ने भाग लिया। खाप पंचायत चौधरियों ने साफ कहा कि सिंधु परिवार ने खाप पंचायतों का मान-सम्मान रख कर यह इतिहास रच दिया है। उन्होंने 57 परिवारों के चमन उजडऩे से बचा लिए। खाप पंचायत में व्यक्ताओं ने कैप्टन अभिमन्यु की कोठी में आग लगाना भी एक बड़ा राजनितिक षडय़ंत्र बताया है। महापंचायत में कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि वो सबका दिल से आभार करते हैं कि पूरे प्रकरण में जो भी आपसी मैल था, उसे निकाल दिया गया है। उनकी मां का स्वर्गवास हो चुका है और पहले ही दिन से उनके तथा उनके परिवार के मन में कोई गिला-शिकवा नही था। उन्होंने प्रभु से हमेशा यही प्रार्थना की कि सबके घरों में सुख शांति बनाए रखना। किसी को दुख और तकलीफ ना देना। आज जो फैसला लिया गया है, उसके लिए वो सभी का आभार व्यक्त करते हैं। इस सरदारी ने जो इज्जत बख्शी है व मान-सम्मान दिया है वो इसे कभी भुला नही सकते हैं।

कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि महापंचायत में उनके बड़े भाई वीर सैन, छोटे भाई रूद्रसैन जिन्होंने अपना संदेश भेजा है। उनसे बड़े भाई वृतपाल भी यहीं पर बैठे हैं। छोटे भाई मेजर सतपाल भी यहां मौजूद हैं। मेरे सारे परिवार की तरफ से आपको हाथ जोड़ कर यही निवेदन और यही प्रार्थना है कि आप सब प्यार, प्रेम से, शांति से, भाईचारे से सभी रहें और खुश रहें। आज इस महापंचायत में सभी अपने घर व परिवार से समय निकाल कर आए हैं, लोगों के सुख-दुख में हाजिर होकर और अपने खर्चे पर यह महापंचायत की गई है, जोकि बहुत सराहनीय है।

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story