मधुमक्खी पालन मुख्यमंत्री बागवानी बीमा योजना में शामिल

WhatsApp Channel Join Now
मधुमक्खी पालन मुख्यमंत्री बागवानी बीमा योजना में शामिल


प्रति कॉलोनी व बॉक्स मिलेगा 1,250 रुपये का बीमा कवर

मधुमक्खी पालकों को देना होगा मात्र 50 रुपये प्रीमियम

चंडीगढ़, 06 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने मधुमक्खी पालकों को बड़ी राहत देते हुए मधुमक्खी पालन को मुख्यमंत्री बागवानी बीमा योजना में शामिल किया है। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने शुक्रवार को चंडीगढ़ में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि अब मधुमक्खी पालकों को प्रति कॉलोनी और प्रति बॉक्स मात्र 50 रुपये प्रीमियम देना होगा, जिसके एवज में उन्हें प्रति कॉलोनी व बॉक्स 1,250 रुपये का बीमा कवर मिलेगा। इस योजना के तहत मधुमक्खी पालक अधिकतम 6 लाख 25 हजार रुपये तक का बीमा क्लेम प्राप्त कर सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार मधुमक्खी पालन को प्रोत्साहित करने और शहद उत्पादकों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए भी प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से 16 अगस्त, 2025 को कुरुक्षेत्र में शहद को भावांतर भरपाई योजना में शामिल करने की घोषणा की गई थी, जिसे 27 सितंबर, 2025 को लागू कर दिया गया। इस योजना के तहत शहद का संरक्षित मूल्य 120 रुपये प्रति किलोग्राम निर्धारित किया गया है।

उन्होंने कहा कि अपने बजट अभिभाषण 2026-27 में 7 मार्च, 2026 को मधुमक्खी पालन को मुख्यमंत्री बागवानी बीमा योजना में शामिल करने की घोषणा की थी। अब इस घोषणा को अमलीजामा पहनाते हुए मधुमक्खी पालन को योजना के दायरे में लाया गया है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में धान खरीद की जानकारी देते हुए बताया कि हरियाणा में खरीफ खरीद सीजन के दौरान गत 29 सितंबर से 278 मंडियों में धान की खरीद की जा रही है, जो 15 नवंबर तक जारी रहेगी। किसानों से कॉमन धान की खरीद 2,441 रुपये प्रति क्विंटल तथा ग्रेड-ए धान की खरीद 2,461 रुपये प्रति क्विंटल के न्यूनतम समर्थन मूल्य पर की जा रही है।

उन्होंने बताया कि 5 नवंबर तक प्रदेश की मंडियों में 48 लाख मीट्रिक टन धान की आवक हो चुकी है, जिसमें से 43 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद की जा चुकी है। इसके अतिरिक्त, 37 लाख 20 हजार मीट्रिक टन धान का उठान भी किया जा चुका है। इसी का परिणाम है कि अब तक 2 लाख 88 हजार 102 किसानों के बैंक खातों में 9,880 करोड़ रुपये की राशि हस्तांतरित की जा चुकी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773520 Articles

Share this story