जींद : ऑनलाइन टास्क देकर लगाया दो लाख 15 हजार का चूना
जींद, 11 अक्टूबर (हि.स.)। साइबर थाना पुलिस ने एक व्यक्ति को ऑनलाइन टास्क देकर दो लाख 15 हजार रुपये का चूना लगाने पर अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव सिंध्वीखेड़ा निवासी रवि ने पुलिस को दी शिकायत मे बताया कि वह प्राइवेट नौकरी करता है। गत 18 जुलाई को उसके फोन पर कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को आनलाइन शांपिग एप मंत्रा प्लेटफार्म से बताया। जिसने घर बैठे ऑनलाइन अच्छा कमाने के बारे में बताया। जिसके बाद उसने व्हाट्सअप पर पूरी जानकरी दी। उसने पूरी जानकारी लेने के बाद उसने पहला टास्क दिया। जिसमें ऑनलाइन प्रोडेक्ट को लाइक करना था। जिसके बाद उसने एक लिंक भेजा। जिसको ओपन करने के साथ वह टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ गया। फिर आरोपित ने उसकी यूपीआईडी मांगी। आरोपित ने 160 रुपये उसके खाते में भेज दिए। 19 जुलाई को 120 रुपये बोनस के भेज दिए। फिर आरोपित ने दूसरा टास्क दिया। जिस पर उसने 1012 रुपये क्यूआर कोड से भेज दिए। फिर उसने एक लिंक भेजा और एप पर उसकी आईडी बना दी। उसे बताया गया कि उसका विवरण उसी पर दिखाई देगा। जिसके बाद उसने 1414 रुपये और भेज दिए। जिसके बाद उसने फिर से टास्क दिया।
उसने 1950 रुपये उसके खाते में भेज दिए। उसे लाभ के तौर पर 4770 रुपये दिए गए। फिर उसने और टास्क पर 5600 रुपये लगाए। जिसके बाद उसे टास्क दिए जाते रहे। उसका लाभ भी आईडी में दिखता रहा। जब भी वह राशि को निकालने की कोशिश करता आरोपित कोई न कोई दिक्कत बता कर उस से और ज्यादा राशि लगवाते रहे। जब तक वह संभलता, तब तक आरोपित उससे दो लाख 15 हजार 559 रुपये हड़प चुके थे। रविवार को जानकारी देते हुए साइबर थाना के जांच अधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि पुलिस ने रवि की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

