जींद : बिजली केबल चोरी करने वालों काे ग्रामीणों ने पीटा, एक की मौत, दो घायल
जींद, 07 नवंबर (हि.स.)। नरवाना खंड के गांव कालवान में खेतों में टयूबवैलों से कीमती केबल चोरी करते पकड़े गए तीन युवकों की ग्रामीणों ने बेरहमी से पिटाई कर डाली। जिसमें एक युवक की मौत हो गई। जबकि दो घायल हो गए। गढ़ी थाना पुलिस ने मृतक के घायल साथी की शिकायत पर 30-35 अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव कालवन के लोगों ने खेतों में बढ़ती चोरी की घटनाओं को देखते हुए शुक्रवार रात को निगरानी रखे हुए थे। रात को ग्रामीणों ने तीन युवकों को टयूबवैलो से चोरी की गई कीमती केबलों के साथ रेलवे यार्ड के निकट पकड़ लिया। सूचना मिलने पर रात को ग्रामीणों की भीड़ इक्कठी हो गई और तीनों युवकों की धुनाई कर डाली। मारपीट के दौरान एक युवक गिर गया और उसका सिर किसी वस्तु से जा टकराया। तीनों युवकों को नागरिक अस्पताल नरवाना लाया गया। जहां एक घायल युवक की मौत हो गई। मृतक युवक की पहचान गांव भीत भगवतपुर (बिहार) निवासी आशीष मिश्रा के रूप में हुई। जबकि उसके घायल साथियों की पहचान गांव भेगमपुर (बिहार) निवासी अमन तथा गांव सेनथली तोला निवासी कैलाश उर्फ बबलू के रूप में हुई।
घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई और हालातों का जायजा लिया। गढ़ी थाना पुलिस ने घायल कैलाश की शिकायत पर अज्ञात 30-35 लोगों के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया है। मृतक नशे की लत को पूरा करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। शनिवार को जानकारी देते हुए गढ़ी थाना के जांच अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि तीनों युवक नशे के आदी है। खेतों से चोरी करते ग्रामीणों ने पकड़ा था। जिनसे मारपीट की गई। एक का सिर किसी वस्तु से टकरा गया। जिसमें उसकी मौत हो गई। फिलहाल मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

