जींद : खेतों में बिजली गुल रहने पर किसानों ने पावर हाउस का किया घेराव

WhatsApp Channel Join Now
जींद : खेतों में बिजली गुल रहने पर किसानों ने पावर हाउस का किया घेराव


जींद, 10 सितंबर (हि.स.)। नगूरां 132 केवी पावर हाउस से चलने वाले खेतों के बधाना फीडर से धनखेड़ी फीडर पर लगातार बिजली गुल रहने से परेशान नगूरां तथा आसपास गांव के किसान गुरूवार को नगूरां बिजली पावर हाउस पहुंचे। किसानों ने संबंधित विभाग के खिलाफ रोष जताया। किसानों ने समस्या का समाधान न होने पर सड़क जाम करने की चेतावनी भी दी। किसानों के एकत्रित होने की सूचना मिलने पर एसडीओ आन्नंद कुमार ने फोन के माध्यम से किसानों की समस्या का समाधान जल्द करने का आश्वासन देकर किसानों को शांत किया।

किसान प्रकाश, राकेश, सुरेंद्र साबड़ा, दिलबाग, राममेहर, रूपा, जसमेर, अनूप, सोनू आदि ने बताया कि पिछले करीब एक महीने से खेतों के बधाना फीडर से चलने वाले धनखेड़ी फीडर पर बिजली की समस्या बनी हुई है। किसानों को मुश्किल से आठ घंटे के शेडयूल में मात्र एक घंटा ही बिजली मिल रही है। इस संबंध में कई बार शिकायत करने के बावजूद समाधान नहीं हुआ। किसानों का कहना है कि कर्र्मचारियोंं द्वारा पीछे से बिजली की समस्या बता कर चुप कराने का काम किया जाता है। उनका कहना है कि पानीपत थर्मल प्लांट से ही करीब दस दिनों से बिजली की समस्या चल रही है। जिसके कारण किसानों को मिलने वाले शाम चार बजे से रात 12 बजे के शेडयूल में बिजली नहीं मिल रही है। किसानों ने बताया कि इस बार बारिश कम होने के कारण धान की फ सल में सिंचाई की जरूरत है लेकिन बिजली नहीं मिलने से समय पर फ सल की सिंचाई नहीं हो पा रही है।

किसानों की समस्या का जल्द होगा समाधान : एसडीओ आनंद कुमार

बिजली निगम नगूरां के एसडीओ आनंद कुमार ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से पानीपत थर्मल प्लांट से बिजली की समस्या बनी हुई है। विशेषकर किसानों को मिलने वाले शाम चार बजे से रात 12 बजे के शेडयूल में बिजली कटौती हो रही है। इसके लिए आगामी चार से पांच दिन ऐसे दिक्कत आ सकती है। इसलिए 132 केवी पावर हाउस के अधिकारियों से बात कर कम लोड वाले दूसरे फीडर से इस फीडर को जोड़ कर किसानों की समस्या का कुछ हद तक हल करने का प्रयास किया जाएगा तथा किसानों की समस्या का जल्द समाधान होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story