बैंक घोटाले में सीबीआई ने दाखिल की पहली चार्जशीट

WhatsApp Channel Join Now

-जांच एजेंसी ने 15 लोगों को बनाया आरोपी

चंडीगढ़, 21 मई (हि.स.)। हरियाणा में हाल ही में हुए बैंक घोटाले में सीबीआई ने जांच के आधार पर पहली चार्जशीट दाखिल कर दी है। जांच एजेंसी ने संकेत दिए हैं कि जल्द ही अतिरिक्त चार्जशीट भी दाखिल की जाएंगी। यह मामला शुरुआत में हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो द्वारा दर्ज किया गया था, जिसे बाद में जांच के लिए सीबीआई को सौंप दिया गया।आईडीएफसी फर्स्ट बैंक व एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक घोटाले की जांच हरियाणा सरकार की तरफ से सीबीआई को सौंपी गई थी। सीबीआई जांच के दौरान कई आईएएस अधिकारियों से पूछताछ हो चुकी है। हरियाणा इस मामले में करीब दो आईएएस समेत कई अधिकारियों के विरूद्ध कार्रवाई भी कर चुकी है।

सीबीआई द्वारा पंचकूला कोर्ट में दाखिल चार्जशीट में कुल 15 आरोपियों को नामजद किया गया है। इनमें बैंक के 6 बैंक अधिकारी, हरियाणा सरकार के 3 कर्मचारी, 2 शेल कंपनियां उनके 3 साझेदार/निदेशकों सहित तथा एक निजी व्यक्ति को शामिल किया गया है। सीबीआई की चार्जशीट में शामिल सभी आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।

जांच एजेंसी के अनुसार, आरोपियों पर आपराधिक साजिश, आपराधिक विश्वासघात, धोखाधड़ी, जालसाजी, साक्ष्य नष्ट करने और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के तहत विभिन्न धाराओं में आरोप लगाए गए हैं। सीबीआई ने बताया कि चार्जशीट में शामिल सभी 15 आरोपियों के खिलाफ संबंधित अपराधों की जांच पूरी कर ली गई है। मामले में अन्य आरोपियों और हरियाणा सरकार के अन्य विभागों में हुए कथित गबन की जांच अभी जारी है।

जांच के मुताबिक हरियाणा सरकार के विभिन्न विभागों के बैंक खातों से करीब 504 करोड़ रुपये की राशि कथित रूप से फर्जीवाड़े के जरिए निकालकर हड़पी गई। आरोप है कि बैंक अधिकारियों ने संबंधित सरकारी विभागों में तैनात कर्मचारियों के साथ मिलकर इस पूरे घोटाले को अंजाम दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story