एसआईआर कार्य में लगे कर्मचारियों के तबादलों पर रोक

WhatsApp Channel Join Now

चुनाव आयोग की अनुमति के बिना नहीं होंगे तबादले

चंडीगढ़, 19 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के काम में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादलों पर रोक लगा दी गई है। मुख्य सचिव कार्यालय की चुनाव शाखा ने इस संबंध में सभी प्रशासनिक सचिवों और विभागाध्यक्षों को निर्देश जारी किए हैं। आदेशों के अनुसार, एसआईआर का काम पूरा होने तक चुनाव आयोग की पूर्व अनुमति के बिना इससे जुड़े किसी भी अधिकारी या कर्मचारी का तबादला नहीं किया जा सकेगा।

मुख्य सचिव कार्यालय की ओर से 18 नवंबर को जारी पत्र में कहा गया है कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का सख्ती से पालन किया जाए। यह निर्देश मुख्य निर्वाचन अधिकारी, हरियाणा की ओर से 6 नवंबर को भेजे गए पत्र के आधार पर जारी किए गए हैं।

पत्र में स्पष्ट किया गया है कि विशेष गहन पुनरीक्षण के काम से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को आयोग की अनुमति के बिना तब तक स्थानांतरित नहीं किया जा सकता, जब तक एसआईआर की प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाती। मुख्य सचिव कार्यालय ने सभी प्रशासनिक सचिवों और विभागाध्यक्षों को इन निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा है। आदेश की प्रति मुख्य निर्वाचन अधिकारी, हरियाणा को भी सूचना के लिए भेजी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779850 Articles

Share this story