कार्य मे कोताही पर बल्लभगढ़ के एसएमओ निलंबित

WhatsApp Channel Join Now


चंडीगढ़, 22 मई (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने कार्य मे कोताही पर बल्लभगढ़ के एसएमओ को निलंबित करते हुए पांच अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।

हरियाणा सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं में कथित लापरवाही और कमजोर निगरानी को लेकर बड़ा प्रशासनिक कदम उठाते हुए पांच वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू कर दी है। सरकार ने आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं के क्रियान्वयन, मॉनिटरिंग और स्वास्थ्य ढांचे के रखरखाव में गंभीर लापरवाही मानते हुए हरियाणा सिविल सेवा (दंड एवं अपील) नियम, 2016 के तहत कार्रवाई के आदेश जारी किए हैं।

स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव की ओर से शुक्रवार देर शाम जारी आदेश के अनुसार फरीदाबाद के सिविल सर्जन डॉ. जयंत आहूजा, सोनीपत सिविल अस्पताल की पीएमओ डॉ. गिन्नी लाम्बा, रेवाड़ी सिविल अस्पताल के पीएमओ डॉ. सुरेंद्र यादव, झज्जर सिविल अस्पताल के एसएमओ डॉ. गुरजीत तथा बल्लभगढ़ एसडीसीएच के एसएमओ डॉ. टी.सी. गिडवाल के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है।

सरकार ने कार्रवाई को और सख्त बनाते हुए बल्लभगढ़ स्थित उप नागरिक अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. टी.सी. गिडवाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय गुरुग्राम के सिविल सर्जन कार्यालय में रहेगा तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि डॉ. गिडवाल के खिलाफ हरियाणा सिविल सेवा नियमों के तहत कार्रवाई लंबित रहने तक यह निलंबन प्रभावी रहेगा।

सरकार ने महानिदेशक स्वास्थ्य सेवाएं, हरियाणा को निर्देश दिए हैं कि संबंधित अधिकारियों के खिलाफ ड्राफ्ट चार्जशीट तैयार कर विभागीय विधिक परीक्षण के बाद 25 मई 2026 तक भेजी जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story