हिसार : छत पर सोया था बेकरी कर्मचारी, सुबह प्लॉट में मिली लाश

WhatsApp Channel Join Now
हिसार : छत पर सोया था बेकरी कर्मचारी, सुबह प्लॉट में मिली लाश


सब्जी मंडी चौक के पास दूसरी मंजिल से गिरने की आशंका

हिसार, 26 अगस्त (हि.स.)। सब्जी मंडी चौक के पास अंश बेकरी में काम करने वाले

उत्तराखंड निवासी युवक की बुधवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक रात

को बेकरी की दूसरी मंजिल की छत पर अपने साथियों के साथ सोया था, लेकिन सुबह उसका शव

बेकरी से सटे प्लॉट में दीवार के पास पड़ा मिला। प्रारंभिक जांच में पुलिस युवक के

शराब के नशे में छत से नीचे गिरने की आशंका जता रही है। हालांकि घटना को लेकर पुलिस

ने जांच शुरू कर दी है और रात को युवक के साथ सोए अन्य कर्मचारियों से पूछताछ की जा

रही है।

सुबह करीब 10 बजे घटना का पता उस समय चला, जब बेकरी पर काम करने के लिए मिस्त्री

पहुंचा। उसने बेकरी संचालक को बताया कि साथ लगते प्लॉट में दीवार के पास एक युवक का

शव पड़ा है। सूचना मिलते ही संचालक मौके पर पहुंचा और पुलिस को जानकारी दी गई। सब्जी

मंडी थाना पुलिस की टीम जांच अधिकारी सुभाष के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और घटनास्थल

का निरीक्षण किया।

जांच अधिकारी सुभाष ने बताया कि मृतक की पहचान बॉबी के रूप में हुई है और वह

उत्तराखंड का रहने वाला था। वह करीब 15 दिन पहले ही बेकरी पर काम करने आया था। पुलिस

की प्रारंभिक जांच के अनुसार मंगलवार रात वह अन्य कर्मचारियों के साथ दूसरी मंजिल की

छत पर सोया था। आशंका है कि शराब के नशे में संतुलन बिगड़ने से वह छत से नीचे गिर गया।

पुलिस को युवक के शरीर पर प्रथम दृष्टया मारपीट या संघर्ष जैसे स्पष्ट निशान नहीं मिले

हैं।

बेकरी संचालक ने पुलिस को बताया कि मृतक शराब पीने का आदी था और मंगलवार को

भी उसने काफी शराब पी रखी थी। उसने कुछ समय पहले काम छोड़ने की इच्छा जताई थी और उसका

फाइनल हिसाब भी कर दिया गया था। संचालक के अनुसार बेकरी की तीसरी मंजिल पर निर्माण

कार्य चल रहा है और वहां कर्मचारियों को जाने से मना किया हुआ है। दूसरी मंजिल की छत

की चाररदीवारी भी काफी नीची है। ऐसे में आशंका है कि युवक नशे की हालत में छत से नीचे

गिर गया।

फिलहाल पुलिस ने घटना को प्रथम दृष्टया हादसा माना है, लेकिन किसी भी संभावना

से इनकार नहीं किया जा रहा। पुलिस रात को युवक के साथ छत पर मौजूद कर्मचारियों से पूछताछ

कर रही है और घटनास्थल से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है

कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति पूरी तरह

स्पष्ट हो पाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story