हिसार:भागदौड़ भरी जिंदगी में शिव जाप के लिए समय निकालना चाहिए :करूणागिरी महाराज

हिसार, 8 अप्रैल (हि.स.)। श्री प्रयागगिरी शिवालय ट्रस्ट की ओर से संस्था के कार्यकारी अध्यक्ष बजरंग गर्ग के नेतृत्व में चल रही श्री शिवपुराण कथा में भारी संख्या में नगरवासी पहुंचकर कथा का आनंद ले रहे हैं। इसमें महामंडलेश्वर साध्वी करूणागिरी जी महाराज ने दूसरे दिन प्रवचन करते हुए श्रद्धालुओं को शिव लिंग के दर्शन, शिव लिंग की उत्पति, ओम कैसे प्रकट हुआ, किस दिन पंचाक्षर मंत्र का जाप करने का अधिक महत्व है, सदगृहस्थ को शिव लिंग की पूजा कैसे करनी चाहिए, शिव लिंग की स्थापना कैसे हो और शिव लिंग की पूजा कैसे करनी चाहिए, के बारे में विस्तार से बताया।श्रद्धालुओं से भरे पंडाल में भक्तों को शिवपुराण कथा के दौरान महामंडलेश्वर साध्वी करूणागिरी जी महाराज ने बताया कि जिस प्रकार दर्पण को साफ करने से दर्पण साफ हो जाता है, उसी प्रकार भगवान शिव की कथा सुनने से हमारा मन साफ हो जाता है। शिव भगवान की नित्य पूजा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आज भागदौड़ की जिंदगी में मनुष्य हर काम के लिए समय निकाल रहा है, लेकिन भगवान की भक्ति के लिए समय नहीं निकाल पा रहा है। यदि वह भगवान की भक्ति के लिए समय निकाल ले तो उसकी सारी समस्याओं का समाधान हो सकता है। उन्होंने श्रद्धालुओं को यह भी सुझाया कि ‘सब समस्याओं का हल-एक लौटा जल’ है। भगवान शिव को जल अर्पित करो और भगवान शिव प्रसन्न होंगे। उन्होंने कहा कि शिव का नाम जपने से सब पाप, ताप नष्ट हो जाते हैं और भगवान शिव उस मनुष्य पर पूर्णत: कृपा करते हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से कहा कि वे किसी की निंदा करनी छोड़कर एक दूसरे को शिव का नाम जपने के लिए प्रेरित करें। शिव का नाम ही भवसागर से बेड़ा पार लगाने में सहायक है।कार्यक्रम के दौरान श्री प्रयागगिरी शिवालय ट्रस्ट के कार्यकारी अध्यक्ष बजरंग गर्ग ने प्रमुख समाजसेवी इन्द्र शर्मा, पंजाबी धर्मशाला प्रधान शम्मी नागपाल, प्रमुख समाजसेवी एडवोकेट गोपीचंद वर्मा, अग्रोहा धाम निर्माण समिति के अध्यक्ष ऋषिराज गर्ग, सीए पवन गिरधर, सीएम विंडो इंचार्ज सुनील वर्मा को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। मंच का संचालन ओम प्रकाश असीजा ने किया। कार्यक्रम में सुरेन्द्र सिंगल, ओम प्रकाश असीजा, रमेश लोहिया, श्याम बिहारी सिंगल, जगत नारायण, प्रवीण जैन, मोहन तनेजा, गुलशन महाजन, राम अवतार सिंगला, मनोहर लाल नांगरू, सतपाल असीजा, सज्जन गुप्ता सहित महिला व पुरुषों ने हजारों की संख्या में भाग लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर